क्यूआर कोड से होगी यूपी बोर्ड की कॉपियों की पहचान:हाईस्कूल और इंटर की ए और बी कॉपियों के रंग होंगे अलग

Nov 04, 2026 - 21:55
0
क्यूआर कोड से होगी यूपी बोर्ड की कॉपियों की पहचान:हाईस्कूल और इंटर की ए और बी कॉपियों के रंग होंगे अलग
यूपी बोर्ड की 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में इस बार छात्रों को नए रंग और बदले स्वरूप वाली उत्तर पुस्तिकाएं मिलेंगी। बोर्ड ने कॉपियों के मुख्य कवर पर क्यूआर कोड लगाने का फैसला लिया है। इसे स्कैन करने पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद का लोगो दिखाई देगा। वहीं, हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की ए और बी कॉपियों के रंग भी अलग-अलग तय किए गए हैं। बोर्ड का यह कदम परीक्षा व्यवस्था को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए उठाया गया है। नई व्यवस्था में अलग-अलग कवर वाली कॉपियों के स्थान पर एक मुख्य कवर वाली उत्तर पुस्तिकाएं दी जाएंगी। क्यूआर कोड के जरिए कॉपियों की पहचान आसान होगी। इससे उत्तर पुस्तिकाओं की निगरानी में मदद मिलेगी। मेरठ में इस बार करीब 1.21 लाख परीक्षार्थियों के परीक्षा में शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए जिले में भी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। हाईस्कूल और इंटर की कॉपियों के रंग होंगे अलग यूपी बोर्ड ने दोनों कक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं के लिए अलग-अलग रंग तय किए हैं। हाईस्कूल की ए कॉपी गहरे नारंगी और बी कॉपी गहरे नीले रंग की होगी। वहीं, इंटरमीडिएट की ए कॉपी बैंगनी और बी कॉपी हरे रंग की होगी। सभी कॉपियों पर एक समान मुख्य कवर और क्यूआर कोड रहेगा। अलग-अलग रंग होने से परीक्षा के दौरान कॉपियों की पहचान में आसानी होगी। सीसीटीवी की निगरानी में रखी जाएंगी कॉपियां उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा के लिए भी विशेष व्यवस्था की जाएगी। कॉपियों को 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी वाले सुरक्षित कक्ष में रखा जाएगा। इसके साथ ही कॉपियों के बंडलों के सीरियल नंबर का रिकॉर्ड रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा। इससे यह पता रखने में आसानी होगी कि कितनी कॉपियां आईं और उन्हें किन परीक्षा केंद्रों पर भेजा गया। पिछले साल 154 केंद्रों पर हुई थी परीक्षा यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 5 से 24 फरवरी 2027 तक प्रस्तावित हैं। पिछले वर्ष मेरठ जिले में 154 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इन पर करीब 1.21 लाख विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इनमें हाईस्कूल के लगभग 60 हजार और इंटरमीडिएट के करीब 61 हजार परीक्षार्थी शामिल थे। इस बार भी परीक्षार्थियों की संख्या लगभग इतनी ही रहने की संभावना है। इसके लिए परीक्षा केंद्रों के निर्धारण से लेकर उत्तर पुस्तिकाओं की उपलब्धता तक की तैयारियां की जा रही हैं। बोर्ड के निर्देशों के अनुसार होगी व्यवस्था जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश प्रकाश शुक्ल ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं का प्रारूप और उनका निर्धारण बोर्ड स्तर से किया जाता है। नए दिशा-निर्देश मिलने के बाद जिले में भी उसी के अनुसार व्यवस्था लागू कराई जाएगी। परीक्षा से जुड़ी सभी तैयारियां बोर्ड के निर्देशों के अनुसार पूरी की जाएंगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User