आईएमए चुनाव में आज नामांकन का आखिरी मौका:अब तक 100 से अधिक प्रत्याशियों ने भरे फॉर्म; छठ की छुट्टी के चलते बढ़ी तारीख

Nov 23, 2026 - 12:06
0
आईएमए चुनाव में आज नामांकन का आखिरी मौका:अब तक 100 से अधिक प्रत्याशियों ने भरे फॉर्म; छठ की छुट्टी के चलते बढ़ी तारीख
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की वाराणसी शाखा के वार्षिक चुनाव में नामांकन के लिए अब एक दिन का अतिरिक्त मौका दिया गया है। पहले नामांकन की अंतिम तारीख 22 नवंबर निर्धारित थी, लेकिन 16 नवंबर को छठ पर्व की छुट्टी होने के कारण नामांकन की अवधि एक दिन बढ़ा दी गई। अब प्रत्याशी 23 नवंबर तक नामांकन कर सकेंगे। चुनाव अधिकारी डॉ. अजीत सैगल के अनुसार, अब तक 100 से अधिक प्रत्याशी अपने नामांकन फॉर्म भर चुके हैं। नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 26 नवंबर को फॉर्म की जांच होगी। इस बार वाराणसी आईएमए की शाखा के चुनाव में कई पदों के लिए मुकाबला होगा। संगठन में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पहली बार स्पोर्ट्स सेक्रेटरी का पद भी शामिल किया गया है। चुनाव में करीब 2250 सदस्य अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। वाराणसी शाखा के साथ केंद्रीय परिषद और स्टेट काउंसिल के पदों को मिलाकर कुल 109 पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया चल रही है। आमतौर पर उपलब्ध पदों की तुलना में करीब डेढ़ गुना प्रत्याशी नामांकन करते हैं। पहली बार स्पोर्ट्स सेक्रेटरी का पद, चुनाव में नया बदलाव इस बार आईएमए की वाराणसी शाखा के चुनाव में स्पोर्ट्स सेक्रेटरी का नया पद जोड़ा गया है। संगठन की ओर से डॉक्टरों के बीच खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की पहल की जा रही है। इसी के तहत इस पद को शामिल किया गया है। इसके अलावा प्रेसिडेंट इलेक्ट, सेक्रेटरी, फाइनेंस सेक्रेटरी, तीन उपाध्यक्ष, दो संयुक्त सचिव, सोशल सेक्रेटरी, साइंटिफिक सेक्रेटरी, पीआरओ और लाइब्रेरी सेक्रेटरी समेत अन्य पदों के लिए चुनाव होगा। पिछली बार के प्रेसिडेंट इलेक्ट इस बार प्रेसिडेंट का पद संभालेंगे। वहीं, पूर्व अध्यक्ष बिल्डिंग कमेटी और इंटरनल ऑडिटर के पदों के लिए चुनाव लड़ते हैं। पांच लाख से कम खर्च में चुनाव कराने का लक्ष्य इस बार चुनाव अधिकारी डॉ. अजीत सैगल ने चुनाव प्रक्रिया पांच लाख रुपये से कम खर्च में पूरी कराने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने बताया कि इससे पहले हुए चुनाव में करीब पांच लाख रुपये खर्च हुए थे। वहीं, उससे पहले स्थानीय प्रशासन की ओर से कराए गए चुनाव में लगभग आठ लाख रुपये खर्च हुए थे। इस बार सभी सदस्यों के सहयोग से चुनाव को व्यवस्थित और कम खर्च में कराने की तैयारी है। 13 दिसंबर को होगा मतदान नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 26 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 28 नवंबर तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकेंगे। 30 नवंबर को उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। इसके बाद 13 दिसंबर को सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक आईएमए हाउस, चेतगंज में मतदान होगा। इस चुनाव में करीब 2250 सदस्य अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User