आगरा के खेरागढ़-विधायक के ससुर-साले से ठगे 43.33 लाख रुपये:जनवरी 2025 से कमिश्नरेट पुलिस से शिकायत, नहीं हुई कार्रवाई, अब पुलिस आयुक्त ने दिए जांच के आदेश
आगरा के खेरागढ़ विधायक भगवान सिंह कुशवाह के ससुर और साले से जमीन के कारोबार में रकम दोगुनी करने के नाम पर 43.33 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित जनवरी 2025 से कमिश्नरेट पुलिस में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग करते रहे, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। शुक्रवार को पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने एसीपी सदर को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सदर के सेवला जाट क्षेत्र स्थित अशोका स्टेट के निवासी अनिल कुशवाह जिला अस्पताल में नौकरी करते हैं। उनके पिता लाल सिंह सेवानिवृत्त राज्यकर्मी हैं। अनिल के अनुसार, खेरागढ़ विधायक भगवान सिंह कुशवाह उनके जीजा हैं। अनिल ने बताया कि उन्होंने और उनके पिता ने 2018 से 2020 के बीच आवास विकास के सेक्टर-12 निवासी महेश कुमार के पास कई बार रकम जमा की थी। महेश ने जमीन के काम में पैसा लगाकर दोगुना करने का लालच दिया था। अनिल के मुताबिक, महेश के साथ उसकी पत्नी ऊषा जाटव, बेटे विनय और विनीत तथा अन्य परिजन भी इस काम में शामिल थे। पिता-पुत्र ने कुल 43.33 लाख रुपये जमा किए। तय अवधि पूरी होने के बाद महेश रकम लौटाने में टालमटोल करने लगा। तकादा करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। अनिल ने जनवरी 2025 में कमिश्नरेट पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन लंबे समय तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। शुक्रवार को पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने एसीपी सदर को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अब मामले में आगे की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)