आज से नोएडा में मिलने लगेगा गंगाजल:23 दिन बाद खत्म होगा पानी का संकट, गंग नहर की सफाई के चलते बंद थी सप्लाई
शहर के लोगों को पिछले करीब 23 दिनों से चल रही पानी की किल्लत से राहत मिलने वाली है। सोमवार से नोएडा में गंगाजल की आपूर्ति शुरू होने की उम्मीद है। हरिद्वार से गंग नहर में पानी छोड़े जाने के बाद अब इसकी सप्लाई नोएडा तक पहुंचने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। गंगाजल मिलने से शहर में पेयजल की उपलब्धता बढ़ेगी और कम दबाव की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है। दरअसल, हर साल दशहरा से दिवाली के बीच हरिद्वार में गंग नहर की सफाई की जाती है। इस वजह से करीब 20 दिनों तक गंगाजल की आपूर्ति बंद रहती है। नोएडा को गंगाजल गाजियाबाद स्थित प्लांट के माध्यम से मिलता है। नहर में पानी छोड़े जाने के बाद इसे नोएडा तक पहुंचने में दो से तीन दिन का समय लगता है। 270 एमएलडी गंगाजल की होती है आपूर्ति
नोएडा में रोजाना करीब 137.5 क्यूसेक यानी 270 मिलियन लीटर प्रतिदिन (एमएलडी) गंगाजल की आपूर्ति होती है। इसे रेनीवेल और ट्यूबवेल के पानी के साथ मिलाकर घरों तक पहुंचाया जाता है। गंगाजल की सप्लाई बंद होने के दौरान प्राधिकरण को दूसरे जल स्रोतों के जरिए शहर की जरूरत पूरी करनी पड़ रही थी। इसके चलते कई सेक्टरों और गांवों में पानी की कमी हो गई थी। पहले यूजीआर में स्टोर होगा पानी
प्राधिकरण अधिकारियों के मुताबिक, गंगाजल पहुंचने के बाद इसे सीधे घरों में सप्लाई नहीं किया जाएगा। पहले अंडरग्राउंड रिजर्वायर (यूजीआर) में पानी स्टोर किया जाएगा। इसके बाद नियमित आपूर्ति शुरू होगी। प्राधिकरण के महाप्रबंधक आरपी सिंह के अनुसार, गंगाजल की आपूर्ति शुरू होने से शहर में पानी की उपलब्धता बेहतर होगी। ऊपरी मंजिलों तक नहीं पहुंच रहा था पानी
गंगाजल की सप्लाई बंद होने से सेक्टरों में रहने वाले लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई। कई इलाकों में सुबह और शाम मिलाकर एक से दो घंटे ही पानी मिल रहा था। कम दबाव के कारण बहुमंजिला मकानों की ऊपरी मंजिलों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा था। सेक्टर-55 और 56 समेत कई इलाकों के लोग इस समस्या को लेकर विरोध भी जता चुके हैं। अब गंगाजल की आपूर्ति शुरू होने से लोगों को पर्याप्त पानी मिलने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)