ओवैसी-चंद्रशेखर भाजपा की मदद के लिए चुनाव लड़ते हैं:सपा नेता बोले- भाजपा सरकार में विकास के नाम पर लोगों को मूर्ख बनाया जा रहा
सुल्तानपुर में समाजवादी पार्टी के अनुसूचित प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव सूरज कुमार पिंटू ने असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां पहले ही वोट कटवा के नाम से मशहूर हो चुकी हैं। जहां भाजपा हारती हुई नजर आती है, वहां ये लोग चुनाव मैदान में उतर जाते हैं और भाजपा को फायदा पहुंचाने का काम करते हैं। दैनिक भास्कर से बातचीत में उन्होंने यूपी की राजनीति, अखिलेश यादव के अयोध्या जाने, योगी सरकार के रोजगार के दावों और जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास के मुद्दे पर अपनी बात रखी। पढ़िए, बातचीत के प्रमुख अंश... सवाल: यूपी में अखिलेश यादव के खिलाफ ओवैसी और चंद्रशेखर का अलायंस हुआ है। इसका सुल्तानपुर और यूपी की राजनीति पर क्या असर पड़ेगा? जवाब: ये दोनों पार्टियां पहले ही वोट कटवा के नाम से मशहूर हो चुकी हैं। ये सिर्फ भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए काम करती हैं। जहां भाजपा हारती हुई नजर आती है, वहीं ये लोग ताल ठोककर खड़े हो जाते हैं। निश्चित रूप से ये भाजपा को फायदा पहुंचाने का काम करते हैं। सवाल: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सीएम योगी ने कहा है कि अखिलेश यादव 12 दिसंबर के बजाय 6 दिसंबर को अयोध्या दर्शन करने जाएं और अपने पापों को धो लें। इस बयान को कैसे देखते हैं? जवाब: यह हमारा संवैधानिक अधिकार है। देश का हर नागरिक, चाहे हिंदू हो या मुस्लिम, किसी भी धार्मिक स्थल पर जा सकता है। इसका मजहब से कोई लेना-देना नहीं है। अगर कोई हिंदू मुस्लिमों के धार्मिक स्थल पर जाता है तो उसका स्वागत किया जाता है, उस पर कोई टिप्पणी नहीं होती। रही बात अखिलेश यादव की, तो उनका जन्म हिंदू धर्म में हुआ है और वे हिंदू धर्म में आस्था रखते हैं। अगर वे राम मंदिर जा रहे हैं तो इसमें क्या बुराई है? वे किसी का अपमान तो नहीं कर रहे हैं। सवाल: सीएम योगी दावा कर रहे हैं कि दो कार्यकाल में अच्छे रोजगार दिए और तीसरी बार भी रोजगार देने की बात कर रहे हैं। क्या यूपी में लोगों को रोजगार मिला है? जवाब: आप लोग भली-भांति जानते हैं। आपके चैनलों के माध्यम से कई खुलासे हुए हैं। कहीं पेपर लीक का मामला सामने आया तो कहीं परीक्षाएं रद्द कर दी गईं। यह इनका पेशा बन चुका है। युवा पूरी तरह परेशान हैं। उनका करियर अंधकार में है। आरक्षण के मामले में भी लीपापोती की गई। 69 हजार शिक्षक भर्ती में ओबीसी अभ्यर्थियों के साथ किसी तरह की बेईमानी की गई। इनका मकसद रोजगार के अवसर कम करना है। बेरोजगार रहेंगे तो झंडा उठाएंगे और इन्हें हिंदू-मुस्लिम के नाम पर लड़ाया जाएगा। इन्हें समाज के किसी धर्म या जाति से कोई मतलब नहीं है। सवाल: आप जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र से आते हैं। कहा जाता है कि यहां से जिस पार्टी का विधायक होता है, उसी पार्टी का मुख्यमंत्री यूपी में बनता है। आपकी भी दावेदारी है। क्षेत्र में कितना विकास हुआ है? जवाब: विकास के नाम पर सिर्फ लोगों को मूर्ख बनाया जाता है। भाजपा का विकास के नाम पर चेहरा जगजाहिर हो चुका है। मॉडर्न सिटी भी बन चुकी, लोगों के खातों में 15 लाख रुपए भी आ गए और दो करोड़ लोगों को रोजगार भी मिल गया। ये सारे दावे जगजाहिर हो चुके हैं। भाजपा सरकार में विकास नाम की चीज रह ही नहीं गई है, तो विधायक बेचारा कहां से विकास कराएगा। इनके पास एक ही विकल्प होता है। पहले एक कैंडिडेट को टिकट देते हैं, उसे काम करने का मौका नहीं देते। इसके बाद उसका ट्रांसफर कर देते हैं और दूसरा नया चेहरा लाकर बैठा देते हैं। फिर विकास न होने का पूरा आरोप विधायक पर मढ़ दिया जाता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)