आजम खान के घर पहुंची पुलिस:19 साल पुराने मुकदमे में दोबारा जांच शुरू, आजम खान ने नहीं लिया नोटिस
रामपुर में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा होकर घर लौटने के बाद अब पुलिस करीब 19 साल पुराने एक मुकदमे की दोबारा जांच कर रही है। इसी सिलसिले में रविवार दोपहर पुलिस टीम उनके आवास पर नोटिस तामील कराने पहुंची, लेकिन आजम खान ने नोटिस लेने से इनकार कर दिया। पुलिस ने उनके अधिवक्ता के माध्यम से नोटिस तामील कराने की बात कही है। अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह के मुताबिक, कोर्ट के आदेश पर मामले की दोबारा विवेचना की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट कोर्ट में पेश की जाएगी। 19 साल पहले दर्ज हुआ था मुकदमा मामला थाना गंज क्षेत्र का है। मोहल्ला सराय निवासी अफसर खान ने करीब 19 साल पहले मुकदमा दर्ज कराया था। उनका आरोप था कि तत्कालीन एसडीएम नलिन अवस्थी समेत कई अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई थी। उनकी आटा चक्की भी हटवा दी गई थी। आजम खान पर साजिश में शामिल होने का आरोप अफसर खान ने आरोप लगाया था कि यह कार्रवाई तत्कालीन कैबिनेट मंत्री आजम खान की शह पर की गई थी। पुलिस ने मामले में षड्यंत्र के आरोप में आजम खान को भी आरोपी बनाया था। हालांकि, मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने विवेचना कर करीब एक महीने में फाइनल रिपोर्ट (एफआर) लगा दी थी। वादी की मौत के बाद बेटे ने कोर्ट में दी अर्जी मुकदमे के वादी अफसर खान की बाद में मौत हो गई। इसके बाद उनके बेटे जुल्फिकार ने करीब तीन साल पहले कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर मामले की दोबारा जांच कराने की मांग की। एमपी-एमएलए कोर्ट के न्यायाधीश शोभित बंसल ने प्रार्थना पत्र स्वीकार करते हुए दोबारा विवेचना के आदेश दिए। पटवाई थाना प्रभारी को सौंपी गई जांच कोर्ट के आदेश पर दोबारा जांच की जिम्मेदारी पटवाई थाना प्रभारी पवन शर्मा को सौंपी गई है। रविवार को वह पुलिस टीम के साथ आजम खान के आवास पर नोटिस तामील कराने पहुंचे थे। एएसपी अनुराग सिंह ने सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे बताया कि मामला काफी पुराना है। पहले एफआर लगाई गई थी, लेकिन कोर्ट के आदेश पर अब दोबारा जांच की जा रही है। जल्द ही जांच पूरी कर आख्या कोर्ट में पेश की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)