मेडिकल कॉलेज स्टाफ ने JDU पर अभद्रता का आरोप लगाया:बांदा में डॉक्टरों और कर्मचारियों ने एक घंटे अनशन किया
बांदा के रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज (RDMC) में डॉक्टरों, जूनियर डॉक्टरों (JR) और कर्मचारियों ने सोमवार को एक घंटे अनशन कर विरोध जताया। उन्होंने जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) की प्रदेश उपाध्यक्ष और बुंदेलखंड प्रभारी शालिनी सिंह पटेल व उनके सहयोगियों पर अभद्रता, गाली-गलौज और चिकित्सा काम में बाधा डालने का आरोप लगाया। स्टाफ ने दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक अनशन किया। इसके बाद कोतवाली नगर पुलिस को शिकायत देकर संबंधित लोगों पर कार्रवाई की मांग की। शिकायत के मुताबिक, 21 नवंबर की रात करीब 9 बजे शालिनी सिंह पटेल अपने सहयोगियों के साथ महिला रोग विभाग के लेबर रूम में पहुंचीं। आरोप है कि उन्होंने वहां मौजूद सीनियर और जूनियर डॉक्टरों समेत अन्य कर्मचारियों से अभद्रता और गाली-गलौज की। स्टाफ का आरोप है कि इस दौरान कर्मचारियों पर कमीशनखोरी के आरोप लगाए गए और डीएम से शिकायत करने की धमकी दी गई। उनका कहना है कि चिकित्सा काम में भी बाधा डाली गई।
डॉक्टरों और कर्मचारियों के मुताबिक, घटना से अस्पताल में इलाज के काम और ओपीडी पर असर पड़ा। इलाज के लिए पहुंचे मरीजों और उनके साथ आए लोगों को परेशानी हुई। स्टाफ ने मांग की कि अस्पताल परिसर में डॉक्टरों और कर्मचारियों से अभद्रता करने और चिकित्सा काम में बाधा डालने वालों पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने शालिनी सिंह पटेल और उनके सहयोगियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। शहर कोतवाली प्रभारी प्रताप सिंह ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने अनशन किया और तहरीर दी है। तहरीर में जेडीयू नेत्री शालिनी सिंह पटेल पर अभद्रता का आरोप लगाया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मेडिकल कॉलेज की तहरीर ले ली है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)