पोल्ट्री फीड 500 रुपए महंगा हुआ:निगरानी टीम बनाने और अंडों पर तारीख छापने की मांग की
बलरामपुर में पोल्ट्री फीड की कीमत बढ़ने से फार्म संचालकों की लागत बढ़ गई है। 50 किलो फीड का कट्टा पहले 1,250 रुपए में मिलता था, अब इसकी कीमत करीब 1,750 रुपए हो गई है। यानी इसमें 500 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। कुक्कुट विकास समिति के पूर्वांचल प्रभारी डीपी सिंह ने कहा कि मक्का, सोयाबीन, डीओसी, सरसों की खल और सूरजमुखी की खल समेत फीड में इस्तेमाल होने वाली चीजों के दाम तेजी से बढ़ रहे हैं। उनके मुताबिक, बिचौलियों और स्टॉक होल्डरों की जमाखोरी से भी कीमतें बढ़ रही हैं। डीपी सिंह ने बताया कि 90 प्रतिशत उत्पादन क्षमता वाले फार्म में एक अंडे की लागत करीब 6 रुपए पड़ रही है। पूरे फ्लॉक के औसत उत्पादन को देखें तो लागत और बढ़ जाती है। ऐसे में किसानों को रोजाना 5 से 10 हजार रुपए तक अपनी जेब से लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने सरकार से फीड में इस्तेमाल होने वाली प्रमुख कृषि सामग्रियों के स्टॉक पर नियंत्रण और जमाखोरी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने हर जिले में निगरानी टीम बनाने की अपील भी की। डीपी सिंह ने अंडों की गुणवत्ता और उन्हें खाने की अवधि का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि FSSAI के 21 फरवरी 2023 के नोटिफिकेशन के मुताबिक, सामान्य तापमान पर रखे अंडे उत्पादन के 14 दिन तक और रेफ्रिजरेटर में रखे अंडे 35 दिन तक खाने योग्य हैं। उन्होंने इन मानकों को उत्तर प्रदेश में भी लागू करने की मांग की। उन्होंने पूछा कि क्या खुले बाजार में बिकने वाले अंडों पर उत्पादन की तारीख और खाने की आखिरी तारीख लिखी जाएगी? क्या कोल्ड स्टोरेज में अंडे रखने की अधिकतम अवधि 35 दिन तय होगी? क्या रेफ्रिजरेटर में रखे अंडों पर भी उत्पादन की तारीख और खाने की अवधि लिखना जरूरी होगा?
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)