वसीम राईन ने सपा और अखिलेश पर निशाना साधा:कहा- मुसलमान अब डर से नहीं, अपने फायदे और नुमाइंदगी के लिए वोट करेंगे
बाराबंकी में ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसीम राईन ने समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। सोमवार दोपहर 1 बजे उन्होंने कहा कि मुसलमान अब डर से नहीं, अपने फायदे और नुमाइंदगी के लिए वोट करेंगे। राईन ने कहा कि सपा सरकार में आजम खान का बड़ा कद था और उनके पास कई अहम मंत्रालय थे। इसके बावजूद मुजफ्फरनगर दंगों के दौरान मुसलमानों को पलायन करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय आजम खान मुसलमानों के लिए कुछ नहीं कर पाए। राईन ने कहा कि अब आजम खान के आने-जाने से मुस्लिम राजनीति पर खास फर्क नहीं पड़ेगा। बिहार के पूर्णिया में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर मौलाना जर्रजिश अंसारी की टिप्पणी पर भी राईन ने जवाब दिया। मौलाना ने योगी को ‘लाशों का सौदागर’ और ‘धर्म का चोला पहनने वाला गुंडा’ कहा था। राईन ने कहा कि योगी की पहचान साफ है। वे सनातनी हैं और अपनी धार्मिक आस्था खुलकर व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपनी आस्था के अनुसार जीवन जीने का अधिकार है। राईन ने मौलाना की भाषा को अनुचित बताया। राईन ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने पसमांदा मुसलमानों को सिर्फ वोट बैंक बनाकर रखा। उनके मुताबिक, टिकट वितरण, मंत्रिमंडल और संगठन में पसमांदा मुसलमानों को उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिला। उन्होंने यह भी कहा कि मुसलमानों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए ठोस काम नहीं हुआ। राईन ने कहा कि अब मुसलमान भाजपा का डर दिखाकर वोट नहीं देंगे। जहां सम्मान, नुमाइंदगी और विकास के मौके मिलेंगे, पसमांदा मुसलमान वहीं वोट देंगे। उन्होंने अखिलेश यादव के अयोध्या जाने और अलग-अलग रंगों के गमछे पहनने को वोट बैंक की राजनीति बताया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)