अज्ञात वाहन की टक्कर से बैंक कैशियर की मौत:5 महीने पहले अयोध्या में सब-इंस्पेक्टर की नौकरी छोड़ इंडियन बैंक में बने थे कैशियर

Nov 04, 2026 - 11:04
0
अज्ञात वाहन की टक्कर से बैंक कैशियर की मौत:5 महीने पहले अयोध्या में सब-इंस्पेक्टर की नौकरी छोड़ इंडियन बैंक में बने थे कैशियर
फतेहपुर जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र में माथैयापुर मोड़ के पास मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे तेज रफ्तार गाड़ी ने बाइक सवार बैंक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए कानपुर के रीजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात करीब 10 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, हुसैनगंज थाना क्षेत्र के माथैयापुर मोड़ के पास हुए हादसे में बाइक सवार 41 वर्षीय अविनाश कुमार उमराव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर उनके पास मौजूद मोबाइल फोन से संपर्क नंबरों पर कॉल किया। इस दौरान सूचना सबसे पहले उनके बैंक मैनेजर को मिली। जानकारी मिलते ही बैंक मैनेजर मौके पर पहुंचे और घायल की पत्नी को हादसे की सूचना दी। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से अविनाश को फतेहपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें कानपुर के रीजेंसी अस्पताल ले गए, जहां देर रात करीब 10 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। नौसेना से सेवानिवृत्त होने के बाद बने थे सब-इंस्पेक्टर मृतक अविनाश कुमार उमराव पूर्व अध्यापक राम नारायण वर्मा के पुत्र थे। उनकी मां प्रेमवती एएनएम के पद से सेवानिवृत्त हैं। अविनाश का करियर संघर्षपूर्ण और प्रेरणादायक रहा। वह भारतीय नौसेना में सेवा देने के बाद वर्ष 2020 में सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (यूपीएसआई) भर्ती परीक्षा-2022 में सफलता हासिल की और अयोध्या जिले में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हुए। गृह जनपद में रहने की चाह में छोड़ी पुलिस की नौकरी अयोध्या में करीब दो वर्ष तक सब-इंस्पेक्टर के रूप में सेवा देने के दौरान उनका चयन इंडियन बैंक में क्लर्क के पद पर हो गया। गृह जनपद फतेहपुर में रहने की चाह में अविनाश ने 28 जून को सब-इंस्पेक्टर के पद से त्यागपत्र दे दिया था। परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ अविनाश की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। वर्ष 2018 में उनका विवाह रेनू के साथ हुआ था। रेनू वर्तमान में मलवां ब्लॉक में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। अविनाश अपने पीछे छह वर्षीय बेटी आरोही और पांच वर्षीय बेटे अक्षांश को छोड़ गए हैं। बैंक मैनेजर आकाश श्रीवास्तव ने फोन पर बताया कि मंगलवार शाम करीब 6:48 बजे उन्हें हादसे की सूचना मिली थी। फोन करने वाले व्यक्ति से उन्होंने घायल को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाने के लिए कहा। इसके बाद वह हुसैनगंज सीएचसी पहुंचे और वहां से मेडिकल कॉलेज गए। तब तक मृतक की पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य भी वहां पहुंच गए थे। बताया जा रहा है कि अविनाश प्रतिदिन घर से करीब 60 किलोमीटर की दूरी तय कर बैंक आते-जाते थे। मंगलवार को वह शाम पांच बजे के बाद बाइक से बैंक से निकले थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के बाद वह कई घंटे तक सड़क पर तड़पते रहे। मात्र पांच महीने पहले ही उन्होंने फतेहपुर के छिवलहा स्थित इंडियन बैंक शाखा में क्लर्क के पद पर नई जॉइनिंग ली थी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User