अलीगढ़ के विकास पर नगर निगम खर्च करेगा 46.61 करोड़:अवस्थापना विकास निध के विकास कार्यों को दी मंजूरी, सड़कें-सुंदरता और जल निकासी पर जोर
शहर की सड़कों से लेकर जल निकासी, पथ प्रकाश और सफाई व्यवस्था तक में सुधार की तैयारी है। नगर निगम की नगरीय अवस्थापना विकास निधि से 46.61 करोड़ रुपये के विकास और जनहित संबंधी प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। इनमें रसलगंज रोड का विकास, आगरा-मथुरा रोड के फ्लाईओवर और प्रवेश द्वारों का सौंदर्यीकरण, अचल ताल रोड का सुधार और चौराहों का कायाकल्प शामिल है। इसके साथ ही नगर निगम के पहले से कराए गए निर्माण कार्यों के भुगतान के लिए भी 28 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। मंगलवार शाम नगर निगम सेवा भवन में महापौर प्रशांत सिंघल की अध्यक्षता में नगरीय अवस्थापना विकास निधि की समिति की बैठक हुई। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा समेत सदस्यों ने प्रस्तावों पर चर्चा के बाद कुल 4661.60 लाख रुपये के प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी। निर्माण कार्यों के लिए सबसे ज्यादा 40.13 करोड़ विभिन्न विभागों के लिए स्वीकृत धनराशि में निर्माण विभाग को 4013.92 लाख, जलकल विभाग को 247.68 लाख, पथ प्रकाश विभाग को 200 लाख और स्वास्थ्य विभाग एवं स्वच्छ भारत मिशन के लिए 200 लाख रुपये शामिल हैं। जलकल विभाग शाहजमाल ईदगाह क्षेत्र में जल निकासी सुधारने के लिए पाइपलाइन सहित अन्य कार्यों पर 47.68 लाख रुपये खर्च करेगा। विभाग के अन्य जरूरी कार्यों के लिए 2 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। शहर की प्रकाश व्यवस्था पर 2 करोड़ और सफाई व्यवस्था व स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों पर भी 2 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन प्रमुख कार्यों को मिलेगी रफ्तार रसलगंज रोड: समेकित विकास और उन्नयन के लिए 8 करोड़ रुपये स्वीकृत, पहली किश्त में 2.50 करोड़ रुपये। आगरा और मथुरा रोड: फ्लाईओवर/प्रवेश द्वार के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 5 करोड़ रुपये। रेलिंग और चौराहा: नौरेगाबाद और मीनाक्षी ऊपरीगामी सेतुओं की दोनों ओर की रेलिंग के सौंदर्यीकरण तथा तस्वीर महल पुलिस लाइन के सामने आर्यभट्ट चौराहे के निर्माण-सौंदर्यीकरण के लिए कुल 6 करोड़ रुपये। अचल ताल रोड: विकास कार्य के लिए स्वीकृत 3.84 करोड़ रुपये में से पहली किश्त के रूप में 2 करोड़ रुपये। नगर निगम परिसर: सेवा भवन के तीसरे तल पर स्टोर रूम के लिए 18.98 लाख और सदन भवन परिसर के बाहरी विकास के लिए 144.94 लाख रुपये। निर्माण कार्यों का भुगतान: नगर निगम की विभिन्न निधियों से कराए गए निर्माण कार्यों के भुगतान के लिए 28 करोड़ रुपये। महापौर प्रशांत सिंघल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में शहर का चौमुखी विकास और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। निधि का उपयोग सड़क, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण के कार्यों में किया जाएगा। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि स्वीकृत कार्यों की औपचारिकताएं पूरी कर संबंधित विभागों को प्राथमिकता से गुणवत्तापूर्ण काम कराने के निर्देश दिए जाएंगे। बैठक में अपर नगर आयुक्त राकेश कुमार यादव, एडीएम सिटी संगीता देवी, मुख्य अभियंता वीके सिंह, अधिशासी अभियंता योगेश कुमार, अजय कुमार सक्सेना, राकेश कुमार सिंह, आशीष शुक्ला, लेखाधिकारी भरत कुमार दुबे, नगर स्वास्थ्य अधिकारी रामानंद त्यागी, सीपी सिंह और अहसान रब मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)