अलीगढ़ की कमान युवाओं के हाथ:मेयर तैयार करेंगे 10 हजार की टीम, आठ कॉलेजों से होगी शुरुआत, हर युवा जोड़ेगा 10 साथी

Nov 16, 2026 - 22:37
0
अलीगढ़ की कमान युवाओं के हाथ:मेयर तैयार करेंगे 10 हजार की टीम, आठ कॉलेजों से होगी शुरुआत, हर युवा जोड़ेगा 10 साथी
अलीगढ़ की सड़कों पर अब युवा पौधे लगाकर उनकी देखभाल करेंगे। शहर की बदरंग दीवारों पर पेंटिंग बनाएंगे और जरूरतमंदों के लिए ब्लड डोनर नेटवर्क तैयार करेंगे। नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान भी चलाएंगे। मेयर प्रशांत सिंघल ने शहर के विकास से युवाओं को सीधे जोड़ने की योजना बनाई है। इसकी शुरुआत 8 कॉलेजों के 250 विद्यार्थियों से होगी। लक्ष्य इस नेटवर्क को 10 हजार से ज्यादा युवाओं तक पहुंचाने का है। सोमवार को आयोजित नेक्स्ट जेन कार्यशाला में मेयर ने विद्यार्थियों के सामने शहर को बेहतर बनाने का खाका रखा। डीएस कॉलेज, श्री वार्ष्णेय महाविद्यालय, टीकाराम महाविद्यालय, विवेकानंद कॉलेज, गगन कॉलेज, साई मेडिकल कॉलेज और आईटीएम समेत 8 शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने इसमें हिस्सा लिया। मेयर ने कहा कि शहर का विकास सिर्फ नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है। इसके लिए हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। पौधा लगाकर भूलेंगे नहीं, परिवार के सदस्य का देंगे नाम शहर को हरा-भरा बनाने के लिए वृंदावन की तर्ज पर अभियान चलाया जाएगा। इसमें विद्यार्थी प्रमुख मार्गों पर पौधे लगाएंगे। हर पौधे को परिवार के किसी सदस्य का नाम देंगे और उसकी नियमित देखभाल करेंगे। मकसद पौधारोपण को सिर्फ एक दिन का आयोजन बनाने के बजाय उसे जिम्मेदारी से जोड़ना है। दीवारों पर युवा बनाएंगे पेंटिंग, तैयार होगा ब्लड डोनर नेटवर्क शहर की बदरंग दीवारों को खूबसूरत बनाने के लिए कॉलेजों के विद्यार्थी ब्रश उठाएंगे। अलग-अलग स्थानों पर आकर्षक पेंटिंग बनाकर शहर को नया रूप देंगे। वहीं, रक्तदान के लिए ऑनलाइन नेटवर्क तैयार किया जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर जरूरतमंदों को तुरंत रक्तदाता मिल सकें। कॉलेजों में डॉक्टर बताएंगे नशे के नुकसान नशे के खिलाफ कॉलेजों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। डॉक्टर विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक और मानसिक दुष्परिणामों की जानकारी देंगे। मेयर का प्रयास युवाओं को नशे से दूर रखकर शहर के सकारात्मक कामों से जोड़ना है। पढ़ाई के लिए लाइब्रेरी, एआई की भी मिलेगी ट्रेनिंग जिन बच्चों के घरों में पढ़ाई के लिए पर्याप्त जगह नहीं है, उनके लिए लाइब्रेरी विकसित की जाएगी। एआई की कार्यशालाओं के जरिए विद्यार्थियों और आम लोगों को नई तकनीक से परिचित कराया जाएगा। अगले दो महीने में एडवेंचर पार्क स्थापित करने की दिशा में भी काम शुरू करने की तैयारी है। महिलाओं की सुरक्षा से रोजगार तक, ये भी हैं प्लान महिलाओं की सुरक्षा के लिए शहर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। निराश्रित गोवंश के संरक्षण के लिए एक और गौशाला बनाने की योजना है। अप्रैल के बाद रोजगार मेला आयोजित कराया जाएगा। अलीगढ़ की पहचान को आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश का पहला लॉक म्यूजियम स्थापित करने की पहल भी की जा रही है। सड़क खराब हुई तो 5 साल तक निर्माण कराने वालों की जिम्मेदारी मेयर ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर पांच साल की गारंटी का दावा किया। उन्होंने कहा कि इस अवधि से पहले सड़क खराब होने पर शिकायत की जाए, ताकि संबंधित स्तर पर कार्रवाई कराई जा सके। शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए ईवी चार्जिंग के साथ मोबाइल चार्जिंग पॉइंट विकसित करने की भी योजना है। 250 युवा जोड़ेंगे 10-10 साथी, बनेगा 10 हजार से ज्यादा का नेटवर्क योजना के तहत 8 कॉलेजों से 25-25 विद्यार्थियों की टीम बनाई जाएगी। शुरुआती 250 युवा अपने साथ 10-10 अन्य युवाओं को जोड़ेंगे। इस तरह नेटवर्क को 10 हजार से अधिक युवाओं तक पहुंचाने का लक्ष्य है। मेयर के मुताबिक, अगले महीने से योजनाओं को चरणबद्ध तरीके से शुरू करने का प्रयास होगा। युवाओं को केवल शहर की समस्याओं पर चर्चा करने तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उन्हें समाधान का हिस्सा बनाया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User