अनुप्रिया पटेल ने विपक्ष पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया:मिर्जापुर में कहा- दबाव से सत्ता तक पहुंचने का रास्ता नहीं निकलता

Oct 31, 2026 - 15:50
0
अनुप्रिया पटेल ने विपक्ष पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया:मिर्जापुर में कहा- दबाव से सत्ता तक पहुंचने का रास्ता नहीं निकलता
मिर्जापुर में अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 191वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए किया गया योगदान सदैव याद किया जाएगा। पूरा अपना दल परिवार और एनडीए परिवार उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता है। देशवासी उनकी जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाते हैं। इस दौरान उन्होंने मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। कहा कि देश में ऐसा विपक्ष मौजूद है, जो देश को अस्थिर करने के लिए उपद्रव और अराजकता को हथियार बना रहा है। सरदार पटेल के विचार और राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण विपक्षी नेताओं के लिए भी सीख लेने का विषय है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन और चुनाव आयुक्तों को पद से हटाने की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए अनुप्रिया पटेल ने कहा कि चुनाव आयुक्तों को हटाने के लिए संविधान में निर्धारित प्रक्रिया है। इसके लिए महाभियोग का प्रस्ताव लाया जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जैसी पुरानी पार्टी संवैधानिक प्रक्रियाओं से परिचित है, इसके बावजूद देश में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने विपक्षी नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि यदि उन्हें वास्तव में देश के लिए काम करना है तो जनता के बीच जाएं और समझें कि लोगों के मन में क्या चल रहा है। जनता के बीच जाकर संघर्ष करने से ही लोकतंत्र में शासन-सत्ता तक पहुंचने का रास्ता निकलता है। दिल्ली की सड़कों पर अराजकता फैलाकर और चुनाव आयोग को दबाव में लेकर सत्ता हासिल नहीं की जा सकती। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जनता का विश्वास एनडीए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में है। विपक्ष को लोकतांत्रिक तरीके से जनता के बीच अपनी बात रखनी चाहिए और जनसमर्थन हासिल करने के लिए संघर्ष करना चाहिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User