अतीक के दामाद के बहनोई ने लिखाई क्रॉस FIR:प्रयागराज में 12 दिन पहले हुई मारपीट में खुद आरोपी, वीडियो भी सामने आया था
प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के रिश्तेदारों से जुड़े मारपीट के मामले में 12 दिन बाद क्रॉस एफआईआर दर्ज हुई है। पहले अतीक की बहन के दामाद खालिद जफर और उसके साथियों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया गया था। अब खालिद जफर के बहनोई इरफान हसन ने दूसरे पक्ष के रमीज अहमद और इरशाद हुसैन समेत अन्य लोगों पर मारपीट और धारदार हथियार से गर्दन पर हमला करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। खास बात यह है कि घटना के वक्त खालिद जफर और इरफान दोनों मौके पर मौजूद थे। मारपीट का वीडियो भी सामने आया था। इरफान ने अपनी तहरीर में रमीज अहमद, इरशाद हुसैन और तीन-चार अज्ञात लोगों पर मारपीट करने और धारदार हथियार से गर्दन पर हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना का वीडियो भी सामने आया था, जिसमें खालिद जफर समेत कुछ लोग रमीज को पीटते नजर आ रहे थे। जमीन की नापजोख के दौरान हुआ था विवाद मामला धूमनगंज के कसारी-मसारी इलाके का है। एक नवंबर को यहां जमीन की नापजोख के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। राजस्व विभाग की टीम मौके पर नापजोख करने पहुंची थी। इसी दौरान मारपीट हुई थी। घटना के कुछ देर बाद मारपीट का वीडियो भी सामने आया, जिसमें खालिद जफर और उसके साथ मौजूद लोग एक युवक को घेरकर पीटते दिखाई दिए थे। पहले मुकदमे में यह थे आरोप
दामूपुर निवासी रमीज अहमद ने अपनी तहरीर में बताया था कि वह एक नवंबर को किसी काम से कसारी-मसारी गया था। दोपहर करीब 3:30 बजे वहां पहले से मौजूद खालिद जफर, उसके बहनोई इरफान हसन, खालिद के एक करीबी जिसे लोग डॉक्टर कहते हैं और चार-पांच अन्य लोगों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि इन लोगों ने उसके साथ गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मारपीट की गई। रमीज का आरोप था कि खालिद जफर ने अपनी पिस्टल की बट से उस पर कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान हो गया। अन्य लोगों ने भी उसे पीटा। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और बीच-बचाव कर उसे बचाया। इस शिकायत पर पुलिस ने 2 नवंबर को खालिद जफर, इरफान हसन, खालिद जफर के करीबी डॉक्टर और 4-5 अज्ञात पर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। आरोपी इरफान ने अपनी तहरीर में बताया अब दर्ज हुई क्रॉस एफआईआर में इरफान असलम हसन निवासी कालिंदीपुरम ने बताया कि एक नवंबर को मौजा कसारी-मसारी में उसकी जमीन की नापजोख लेखपाल दिलीप कर रहे थे। इसी दौरान इरशाद हुसैन, रमीज और तीन-चार अन्य लोग वहां पहुंच गए। इरफान का आरोप है कि रमीज और इरशाद ने गालीगलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। रमीज ने धारदार हथियार से उसकी गर्दन पर हमला किया। मारपीट में उसे गंभीर चोटें आईं। तहरीर में उसने कहा है कि मौके पर मौजूद अन्य लोगों को वह सामने आने पर पहचान सकता है। इरफान ने रमीज पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसे आईएस-227 बब्बू दामूपुर का भतीजा और सक्रिय सदस्य बताया है। उसने यह भी दावा किया है कि रमीज पूर्व में अतीक अहमद के इशारे पर हत्या और हत्या के प्रयास की घटनाओं में शामिल रहा है। हालांकि ये आरोप इरफान ने अपनी शिकायत में लगाए हैं। इस मामले में धूमनगंज थाना प्रभारी राजीव कुमार बैश का कहना है कि दूसरे पक्ष की ओर से भी तहरीर मिली है, जिस पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। हालांकि वह यह नहीं बता सके कि अगर दूसरे पक्ष के आरोप प्रारंभिक जांच में सही मिले थे तो एफआईआर दर्ज करने में 12 दिन का वक्त क्यों लगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)