‘दिवाली बीमारी नहीं, जिम्मेदारी है’:इमरान मसूद के घर मिठाई, पटाखे और हनुमान चालीसा लेकर पहुंचे हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता, पुलिस ने पुलिस लाइन में रोका

Nov 15, 2026 - 18:10
0
‘दिवाली बीमारी नहीं, जिम्मेदारी है’:इमरान मसूद के घर मिठाई, पटाखे और हनुमान चालीसा लेकर पहुंचे हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता, पुलिस ने पुलिस लाइन में रोका
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के दीपावली और प्रदूषण को लेकर दिए गए बयान पर विवाद बढ़ता जा रहा है। सांसद की टिप्पणी से नाराज उत्तराखंड के हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता रविवार को सहारनपुर पहुंचे। प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने सांसद के आवास पर मिठाई, फूल, फुलझड़ी, पटाखों की लड़ियां और हनुमान चालीसा की पुस्तक लेकर जाने की तैयारी की थी। हालांकि पुलिस ने उन्हें पुलिस लाइन में ही रोक दिया। इस पर कार्यकर्ताओं ने सांसद या उनके परिवार के किसी प्रतिनिधि को सामने लाकर स्पष्टीकरण दिलाने की मांग की। हिंदू रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा ने कहा कि वे सांसद के घर के लिए मिठाई, फूल और पटाखों की लड़ियां लेकर आए हैं। घर पर लड़ियां लगाने के लिए भी सामान लाए हैं। इसके साथ ही सांसद की बुद्धि शुद्धि के लिए हनुमान चालीसा की पुस्तक भी लेकर आए हैं। उन्होंने कहा कि इमरान मसूद खुद को प्रभु श्रीराम का वंशज बताते हैं, इसलिए उन्हें हनुमान चालीसा पढ़नी चाहिए और अपनी टिप्पणी पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। ललित शर्मा ने दो टूक कहा कि जब तक पुलिस-प्रशासन सांसद या उनके परिवार के किसी प्रतिनिधि को उनके सामने नहीं लाता और वह यह नहीं कहता कि 'दीपावली बीमारी नहीं, जिम्मेदारी है', तब तक वे यहां से नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन न तो लड़ना चाहता है और न ही किसी से झगड़ा करना चाहता है। उनकी केवल इतनी मांग है कि सांसद सामने आकर बताएं कि उन्हें दीपावली मानवजनित बीमारी क्यों लगती है। हमारे त्योहार को निशाना बनाएंगे तो जवाब मांगेंगे ललित शर्मा ने अपने बयान में कहा कि हिंदू संगठन दूसरे धर्मों के त्योहारों पर टिप्पणी नहीं करता। उन्होंने ईद का जिक्र करते हुए कहा कि दूसरे समुदाय के त्योहारों को लेकर भी वे आपत्ति नहीं जताते, क्योंकि हर किसी को अपना त्योहार मनाने का अधिकार है। लेकिन यदि कोई उनके धर्म और त्योहार को निशाना बनाकर टिप्पणी करेगा तो उससे सवाल जरूर पूछा जाएगा। उन्होंने सांसद पर राजनीतिक लाभ के लिए हिंदू समाज के त्योहार को लेकर टिप्पणी करने का आरोप लगाया। ललित शर्मा ने कहा कि सांसद हिंदू समाज के वोट लेकर संसद पहुंचते हैं और फिर उसी समाज के प्रमुख पर्व पर ऐसी टिप्पणी करते हैं। उन्हें इस बात का जवाब देना चाहिए। सहारनपुर की धरती से नहीं जाएंगे, मिठाई स्वीकार कर स्पष्टीकरण दें ललित शर्मा ने कहा कि संगठन सांसद के परिवार के किसी सदस्य या प्रतिनिधि को भी सामने लाने की मांग कर रहा है। कार्यकर्ता चाहते हैं कि सांसद की ओर से मिठाई स्वीकार की जाए और उनके बयान पर स्पष्टीकरण दिया जाए। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, संगठन सहारनपुर की धरती से वापस नहीं जाएगा। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि हिंदू रक्षा दल का निर्णय है कि संगठन किसी को छेड़ता नहीं, लेकिन एक बार मुद्दा उठा लिया तो उसे छोड़ता भी नहीं। उन्होंने कहा कि इमरान मसूद को सामने आकर स्पष्ट करना होगा कि दीपावली को बीमारी बताने वाली बात उन्होंने किस आधार पर कही। अपने बयान के दौरान ललित शर्मा ने सांसद को चुनौती देते हुए आपत्तिजनक और आक्रामक शब्दों का भी इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि सांसद को सार्वजनिक रूप से अपनी बात दोहराकर बतानी चाहिए कि दीपावली मानवजनित बीमारी है या नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले चुनाव में हिंदू समाज इस मुद्दे पर अपना जवाब देगा। पुलिस लाइन में रोके गए कार्यकर्ता, सांसद के आवास तक नहीं पहुंच सके हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता उत्तराखंड से सहारनपुर पहुंचे थे। उनकी योजना सांसद इमरान मसूद के आवास पर जाकर मिठाई, फूल, पटाखों की लड़ियां और हनुमान चालीसा भेंट करने की थी। लेकिन पुलिस ने उन्हें पुलिस लाइन में ही रोक दिया। कार्यकर्ताओं ने सांसद से मुलाकात कराने और उनके परिवार के किसी प्रतिनिधि को सामने लाने की मांग की। पुलिस की ओर से रोके जाने के बाद कार्यकर्ताओं ने वहीं अपनी मांगें रखीं। इस दौरान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष भूपेंद्र तोमर (पिंकी भैया) ने भी कहा कि दीपावली हिंदू समाज का प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक पर्व है। सांसद की कथित टिप्पणी से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने मांग की कि सांसद अपने बयान का संदर्भ स्पष्ट करें और सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण दें। 12 नवंबर को इमरान मसूद ने दी थी सफाई, कहा था- बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया दरअसल, दीपावली और प्रदूषण को लेकर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की टिप्पणी सामने आने के बाद विवाद शुरू हुआ था। 12 नवंबर 2026 को सांसद ने अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा था कि उनकी बात को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। उन्होंने प्रदूषण को मानवजनित समस्या बताया था और कहा था कि उनका उद्देश्य किसी त्योहार को निशाना बनाना नहीं था। सांसद की इस सफाई के बावजूद हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता उनसे सीधे स्पष्टीकरण की मांग कर रहे हैं। रविवार को उत्तराखंड से सहारनपुर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने मिठाई और हनुमान चालीसा लेकर विरोध दर्ज कराया। उनका कहना है कि सांसद को स्पष्ट करना चाहिए कि उनकी टिप्पणी का वास्तविक आशय क्या था। मुख्यमंत्री योगी के नाम ज्ञापन देकर जांच की मांग हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सांसद इमरान मसूद के दीपावली को लेकर दिए गए कथित बयान की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि दीपावली हिंदू समाज का पवित्र धार्मिक और सांस्कृतिक पर्व है। एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि की ओर से की गई कथित टिप्पणी से समाज में असंतोष उत्पन्न हुआ है। संगठन ने मांग की कि बयान के वास्तविक संदर्भ और तथ्यों की पुष्टि कराई जाए। यदि जांच में किसी कानून का उल्लंघन सामने आता है तो नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाए। इसके अलावा भविष्य में किसी भी जनप्रतिनिधि की ओर से धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणियों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग भी की गई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User