अयोध्या में नदी में डूबे युवक का शव मिला:26 सितंबर को पैर फिसलने से गिर गया था, गोताखोर तलाश कर रहे थे

Sep 28, 2026 - 12:13
0
अयोध्या में नदी में डूबे युवक का शव मिला:26 सितंबर को पैर फिसलने से गिर गया था, गोताखोर तलाश कर रहे थे
अयोध्या के मीरमऊ घाट निवासी 40 साल के शिव कैलाश निषाद का शव गोमती नदी में डूबने के करीब 36 घंटे बाद सोमवार को बरामद हुआ। उनका शव घटनास्थल से करीब 100 किलोमीटर दूर अमेठी के मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र में मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शिव कैलाश शनिवार सुबह गोमती नदी में नाव पर बैठे दातुन कर रहे थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नदी में गिर गए। तेज बहाव में वह बहने लगे। आसपास मछली पकड़ रहे मछुआरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही शिव कैलाश नदी में डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों ने भी नदी में तलाश की, लेकिन शिव कैलाश का पता नहीं चला। परिजनों ने बताया कि उन्हें दौरे पड़ने की शिकायत थी और लंबे समय से इलाज चल रहा था। इसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने शनिवार दोपहर से तलाश शुरू की। करीब 36 घंटे की तलाश के बाद सोमवार को उनका शव मुसाफिरखाना क्षेत्र में नदी से बरामद हुआ। बाबा बाजार थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार आजाद ने बताया कि शिव कैलाश का शव मिल गया है। पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User