जेलेंस्की बोले- मौजूदा मोर्चे पर सीजफायर के लिए तैयार:पुतिन पीछे हटने को तैयार नहीं, इसलिए यहीं युद्ध रोककर बातचीत करना चाहते हैं
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि उनका देश रूस के साथ मौजूदा मोर्चे पर सीजफायर करने के लिए तैयार है। उन्होंने रविवार को कतर के न्यूज चैनल अल जजीरा को दिए इंटरव्यू में प्रस्ताव दिया कि दोनों देशों की सेनाएं जहां तैनात हैं, वहीं रुक जाएं और इसके बाद युद्ध खत्म करने के लिए कूटनीतिक बातचीत शुरू की जाए। जेलेंस्की के मुताबिक, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन यूक्रेन के कब्जे वाले इलाकों से पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। ऐसे में मौजूदा सैन्य स्थिति में युद्ध रोकना यूक्रेन की ओर से बड़ा समझौता होगा। ट्रम्प से युद्ध खत्म कराने की अपील की जेलेंस्की ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से युद्ध खत्म कराने की कोशिशें जारी रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि अमेरिका के पास इस संघर्ष को समाप्त कराने के लिए पर्याप्त राजनीतिक ताकत और अधिकार हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि शांति समझौते का बोझ सिर्फ यूक्रेन पर नहीं डाला जाना चाहिए। अबू धाबी में फिर होगी अमेरिका की मध्यस्थता में बातचीत इस बीच, क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने रूसी न्यूज एजेंसी RIA नोवोस्ती को बताया कि रूस और यूक्रेन के बीच बातचीत का अगला दौर अबू धाबी में होगा। इसमें अमेरिका मध्यस्थता करेगा। हालांकि, बैठक की तारीख अभी तय नहीं की गई है। इससे पहले फरवरी में स्विट्जरलैंड के जिनेवा में दोनों देशों के बीच बातचीत हुई थी। अबू धाबी में भी जनवरी और फरवरी में रूस, यूक्रेन और अमेरिका के बीच तीन पक्षों वाली बातचीत के दो दौर हो चुके हैं। फिलहाल बातचीत में कोई ठोस सहमति नहीं बन पाई है। ऐसे में जेलेंस्की का मौजूदा मोर्चे पर सीजफायर का प्रस्ताव आगे की शांति वार्ता के लिए अहम हो सकता है। डोनबास छोड़ने के बदले यूक्रेन को NATO का ऑफर अमेरिका ने यूक्रेन को डोनबास का इलाका छोड़ने के बदले NATO की सदस्यता देने का विकल्प दिया था। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने 14 नवंबर को इसका खुलासा किया था। उन्होंने बताया था कि 10-11 नवंबर को अबू धाबी में अमेरिकी वार्ताकारों के साथ बातचीत के दौरान उनसे पूछा गया कि अगर यूक्रेन को NATO में शामिल कर लिया जाए, तो क्या वह डोनबास से अपनी सेना हटाने के लिए तैयार होगा। इस प्रस्ताव के जरिए अमेरिका ने यूक्रेन की सुरक्षा और रूस की क्षेत्रीय मांगों के बीच समझौता कराने की कोशिश की थी। क्या है डोनबास, जिस पर रूस की नजर डोनबास पूर्वी यूक्रेन का औद्योगिक और रणनीतिक रूप से अहम क्षेत्र है। इसमें मुख्य रूप से डोनेत्स्क और लुहांस्क इलाके शामिल हैं। यह क्षेत्र कोयला खदानों, भारी उद्योगों और प्राकृतिक संसाधनों के लिए जाना जाता है। इसकी सीमा रूस से लगती है। 2014 में रूस समर्थित अलगाववादियों ने डोनबास के कुछ हिस्सों पर कब्जा कर लिया था। फरवरी 2022 में रूस ने यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर हमला किया। सितंबर 2022 में रूस ने दोनेत्स्क और लुहांस्क समेत चार यूक्रेनी क्षेत्रों को अपने में मिलाने का दावा किया। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इन इलाकों को यूक्रेन का हिस्सा माना जाता है। रूस चाहता है कि यूक्रेन डोनबास के बाकी हिस्सों से भी अपनी सेना हटा ले। यूक्रेन इसे अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के खिलाफ मानता है। यही वजह है कि डोनबास का भविष्य दोनों देशों के बीच शांति समझौते की सबसे बड़ी बाधाओं में शामिल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)