अयोध्या-रायबरेली हाइवे पर अमेठी की रहने वाली महिला की मौत:सुल्तानपुर में स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार पति घायल; दंपती रिश्तेदार के घर जा रहे थे

Nov 14, 2026 - 20:37
0
अयोध्या-रायबरेली हाइवे पर अमेठी की रहने वाली महिला की मौत:सुल्तानपुर में स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार पति घायल; दंपती रिश्तेदार के घर जा रहे थे
सुल्तानपुर में अयोध्या-रायबरेली नेशनल हाईवे (NH 330A) पर शनिवार शाम करीब 5 बजे स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। उनके पति गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा हलियापुर थाना क्षेत्र में रामबाग ढाबा के पास हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम में भेजा है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। मृतका की पहचान अमेठी के पंवारी गांव की कमलेश जायसवाल (52) के रूप में हुई है। वह शिवकुमार जायसवाल (54) की पत्नी थीं। शनिवार दोपहर करीब 3 बजे दोनों बाइक से हलियापुर में रिश्तेदारों के घर सांत्वना देने जा रहे थे। कुछ दिन पहले हलियापुर निवासी मनोज जायसवाल के बेटे रवि ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। दंपती उनके परिवार से मिलने जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, रामबाग ढाबा के पास विपरीत दिशा से आ रही स्कॉर्पियो ने बाइक को टक्कर मार दी। कमलेश के सिर में गंभीर चोट आई। स्थानीय लोगों ने 112 नंबर पर पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस का इंतजार किए बिना ग्रामीण कमलेश को निजी बोलेरो से अयोध्या जिले के कुमारगंज स्थित 100-सैया अस्पताल ले गए। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शिवकुमार की हालत गंभीर है। हलियापुर थानाध्यक्ष अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस ने स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User