अयोध्या से नेपाल तक सीधी ट्रेन, 23 नवंबर को उद्घाटन:मां सीता की जन्मस्थली तक जाएगी, 19 घंटे का सफर; सिर्फ कन्फर्म टिकट पर यात्रा कर सकेंगे

Nov 21, 2026 - 20:46
0
अयोध्या से नेपाल तक सीधी ट्रेन, 23 नवंबर को उद्घाटन:मां सीता की जन्मस्थली तक जाएगी, 19 घंटे का सफर; सिर्फ कन्फर्म टिकट पर यात्रा कर सकेंगे
श्रीराम की नगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली नेपाल के जनकपुर धाम के बीच अब सीधी रेल सेवा शुरू होने जा रही है। जनकपुर धाम-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस (15595/15596) का 23 नवंबर को उद्घाटन किया जाएगा। रेलवे के मुताबिक, आम यात्रियों के लिए ट्रेन का नियमित संचालन 28 नवंबर से शुरू होगा। करीब 604 किलोमीटर का सफर ट्रेन 19 घंटे में पूरा करेगी। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संयुक्त रूप से इस ट्रेन को वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। अयोध्या कैंट स्टेशन पर रेल मंत्री और सीएम योगी मौजूद रहेंगे। यह साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन होगी, जो जनकपुर धाम से शनिवार दोपहर रवाना होगी, रविवार सुबह अयोध्या पहुंचेगी। इसी तरह अयोध्या से सोमवार शाम रवाना होकर मंगलवार दोपहर ट्रेन जनकपुर पहुंचेगी। इसका किराया अभी तय नहीं हुआ है। 19 घंटे में पूरा होगा 604 किलोमीटर का सफर रेलवे बोर्ड की ओर से जारी शेड्यूल के मुताबिक, जनकपुर धाम और अयोध्या कैंट के बीच ट्रेन करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इसमें लगभग 19 घंटे का समय लगेगा। अभी नेपाल जाने वाले श्रद्धालुओं को अलग-अलग माध्यमों से सफर करना पड़ता है, लेकिन सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने से बीच रास्ते में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं होगी। इससे अयोध्या में रामलला के दर्शन करने वाले श्रद्धालु जनकपुर धाम तक आसानी से पहुंच सकेंगे। इसी तरह नेपाल से आने वाले श्रद्धालुओं को भी अयोध्या पहुंचने के लिए सीधी रेल सुविधा मिलेगी। जनकपुर से अयोध्या आने का यह रहेगा शेड्यूल ट्रेन संख्या 15595 जनकपुर धाम से शनिवार दोपहर 1:10 बजे रवाना होगी। यह दोपहर 2:25 बजे जयनगर पहुंचेगी और यहां एक घंटे ठहरने के बाद 3:25 बजे रवाना होगी। इसके बाद शाम 7 बजे सीतामढ़ी पहुंचेगी, जहां 5 मिनट का ठहराव होगा। रात 10:50 बजे नरकटियागंज पहुंचकर 11:20 बजे रवाना होगी। ट्रेन रात 2 बजे पनियहवा से गुजरेगी और सुबह 3:55 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। यहां 10 मिनट रुकने के बाद सुबह 4:05 बजे रवाना होकर रविवार सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी। अयोध्या से जनकपुर जाने का यह रहेगा शेड्यूल ट्रेन संख्या 15596 अयोध्या कैंट से शाम 5:50 बजे रवाना होगी। रात 10:13 बजे गोरखपुर पहुंचेगी और 10 मिनट के ठहराव के बाद 10:23 बजे रवाना होगी। इसके बाद रात 12:40 बजे पनियहवा से गुजरेगी। रात 1:50 बजे नरकटियागंज पहुंचकर 2:20 बजे रवाना होगी। सुबह 4:42 बजे सीतामढ़ी पहुंचेगी, जहां 5 मिनट का ठहराव होगा। इसके बाद सुबह 8:45 बजे जयनगर पहुंचेगी और यहां दो घंटे रुकने के बाद 10:45 बजे रवाना होगी। ट्रेन मंगलवार दोपहर 12:40 बजे जनकपुर धाम पहुंचेगी। नेपाल का मानक समय भारतीय समय से 15 मिनट आगे है। इसी वजह से रेलवे के आदेश में जयनगर स्टेशन का समय दोनों देशों के स्थानीय समय के अनुसार दर्ज किया गया है। जयनगर स्टेशन पर होगी दस्तावेजों की जांच भारत से नेपाल जाने वाली यह ट्रेन अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करेगी। ऐसे में सुरक्षा और निर्धारित नियमों के तहत बिहार के जयनगर स्टेशन पर यात्रियों के पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेजों की जांच की जाएगी। इसी प्रक्रिया के चलते ट्रेन को जयनगर स्टेशन पर लंबा ठहराव दिया गया है। जनकपुर से अयोध्या आने के दौरान यहां एक घंटे और अयोध्या से जनकपुर जाने के दौरान दो घंटे का ठहराव होगा। यात्रियों को सफर के दौरान अपने जरूरी पहचान पत्र और दस्तावेज साथ रखने होंगे। ट्रेन में नहीं होगा जनरल डिब्बा, सिर्फ कन्फर्म टिकट पर यात्रा इस विशेष ट्रेन में कुल 17 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 8 एसी और 7 स्लीपर कोच शामिल होंगे। एसी श्रेणी में थर्ड एसी के 6 और सेकेंड एसी के 2 कोच होंगे। ट्रेन में फर्स्ट एसी और जनरल श्रेणी का कोच नहीं होगा। रेलवे के नियमों के मुताबिक, इसमें आरएसी और वेटिंग टिकट की सुविधा भी नहीं रखी गई है। यानी यात्री केवल कन्फर्म टिकट पर ही सफर कर सकेंगे। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों के लिए अलग से किसी कोटे की व्यवस्था भी नहीं होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User