सहारनपुर में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता से मारपीट:देवर पर दुष्कर्म की कोशिश का आरोप, पति समेत 6 पर FIR
सहारनपुर के देवबंद की एक विवाहिता ने पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों पर दहेज के लिए परेशान करने, मारपीट करने और घर से निकालने का आरोप लगाया है। उसने देवर पर कमरे में घुसकर दुष्कर्म की कोशिश और विरोध करने पर मारपीट का आरोप भी लगाया। महिला थाना पुलिस ने रविवार सुबह 8 बजे केस दर्ज कर जांच शुरू की। शिकायत के मुताबिक, विवाहिता का निकाह 10 मार्च 2021 को मौ. आजम से मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। शादी में मायके वालों ने अपनी हैसियत के अनुसार सोने-चांदी के जेवर, कपड़े, बर्तन, फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक सामान दिया था। आरोप है कि शादी के बाद पति, सास, ससुर और ससुराल के अन्य लोग बाइक और दो लाख रुपये नकद अतिरिक्त दहेज मांगने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को परेशान किया जाता और उसके साथ मारपीट की जाती थी। विवाहिता ने बताया कि उसने उत्पीड़न की जानकारी मायके वालों को दी। पिता और भाई ससुराल पहुंचे और समझाने की कोशिश की। इस दौरान मायके वालों ने 50 हजार रुपये भी दिए। कुछ दिन ठीक रखने के बाद फिर दहेज के लिए परेशान किया जाने लगा। आरोप है कि 1 फरवरी 2025 को दोपहर करीब 2 बजे विवाहिता कमरे में अकेली लेटी थी। तभी उसका देवर आमिर अख्तर कमरे में घुसा और अश्लील हरकतें करने लगा। विरोध करने पर उसने कपड़े फाड़ दिए और दुष्कर्म की कोशिश की। शोर मचाने पर आरोपी ने थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। विवाहिता का आरोप है कि घटना बताने पर ससुराल वालों ने उसका साथ देने के बजाय उसे ही भला-बुरा कहा। अगले दिन पिता ससुराल पहुंचे तो उनके साथ भी गाली-गलौज की गई। इसके बाद विवाहिता को तीन कपड़ों में धक्के देकर घर से निकाल दिया गया। पुलिस ने पति, सास, ससुर, ननद और देवर समेत छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)