बांदा में पड़ोसियों के घर चोरी करने वाले दो गिरफ्तार:80 लाख के जेवर और दो बाइक बरामद, CCTV फुटेज से पकड़े गए
बांदा के अतर्रा कस्बे में पड़ोसियों के घरों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले युवक और एक बाल अपचारी को पुलिस ने पकड़ा है। दोनों ने दो अलग-अलग मकानों से लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर चोरी किए थे। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार करने के साथ बाल अपचारी को संरक्षण में लिया है। उनकी निशानदेही पर करीब 80 लाख रुपए कीमत के जेवर, दो बाइक और 2,200 रुपए नकद बरामद किए गए हैं। मीडिया सेल ने रविवार दोपहर एक बजे इसकी जानकारी दी। CCTV फुटेज से मिली आरोपियों की जानकारी पुलिस के अनुसार, अतर्रा के बजरंगनगर निवासी रोहित ने 13 नवंबर को घर से सोने-चांदी के जेवर चोरी होने की सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इस दौरान एक लड़की हाथ में थैला लेकर घटनास्थल के आसपास से निकलती दिखाई दी। तकनीकी साक्ष्यों और यक्ष ऐप से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान की। रविवार को पुलिस ने चित्रकूट जिले के भरतकूप थाना क्षेत्र के रसिन निवासी सत्येंद्र उर्फ सत्यम उर्फ लकी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया। 18 जुलाई को भी पड़ोसी के घर की थी चोरी पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में बाल अपचारी ने सत्येंद्र के साथ मिलकर चोरी करने की बात स्वीकार की। जांच में सामने आया कि दोनों ने इससे पहले 18 जुलाई को अतर्रा में अपने पड़ोसी रूपम के घर में भी चोरी की थी। पुलिस ने दोनों घटनाओं से जुड़े मुकदमों में चोरी गए जेवर बरामद किए हैं। इनमें सोने की चेन, मंगलसूत्र, हार, अंगूठियां, चूड़ियां, कड़े और झुमके शामिल हैं। इसके अलावा चांदी की पायल, बिछिया और अन्य आभूषण भी मिले हैं। दो बाइक और 2,200 रुपए भी बरामद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 80 लाख रुपए कीमत के जेवरों के साथ एक बुलेट और एक पल्सर मोटरसाइकिल तथा 2,200 रुपए नकद बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में हुई कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी अतर्रा अमरनाथ गुप्ता के नेतृत्व में अतर्रा पुलिस टीम शामिल रही। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि बाल अपचारी के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)