ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर पलटी ट्रैवलर बस:मथुरा में पीछे से कार भी घुसी; 6 लोग घायल, हाईवे पर लगा जाम
मथुरा के छाता थाना क्षेत्र में रविवार सुबह आगरा-दिल्ली नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। शुगर मिल के सामने हाईवे किनारे खड़ी ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में यात्रियों से भरी ट्रैवलर बस टकरा गई। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इसी दौरान पीछे से आ रही एक कार भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकरा गई। हादसे में करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 6 बजे 20 सीटर ट्रैवलर बस कुरुक्षेत्र से उज्जैन जा रही थी। छाता क्षेत्र में शुगर मिल के सामने पहुंचते ही बस हाईवे किनारे खड़ी ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस पलट गई। कुछ देर बाद पीछे से आई कार भी हादसे की चपेट में आ गई। बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही छाता पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। दोनों ओर कई किलोमीटर तक जाम लगने से यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने क्रेन की मदद से पलटी बस और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया। काफी मशक्कत के बाद यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)