बांदा में शोरूम और सीएचसी सेंटर में लगी आग:एसी में शॉर्ट सर्किट से हादसा, 30 लाख रुपए का नुकसान; दमकल की दो गाड़ियों ने पाया काबू
बांदा के कालूकुआं-बबेरू रोड पर सोमवार देर रात बिजली के सामान के शोरूम में भीषण आग लग गई। एसी में शॉर्ट सर्किट होने से लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। शोरूम में रखी एलईडी लाइट, झालर समेत बिजली का पूरा सामान जलकर राख हो गया। आग की लपटें बगल में संचालित सीएचसी सेंटर तक पहुंच गईं। वहां रखा सामान भी जल गया। दुकानदार ने करीब 29 से 30 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान जताया है। दमकल की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। शटर खोलकर बुझाने की कोशिश की, लेकिन नहीं थमी लपटें कालूकुआं निवासी अनिल कुमार गुप्ता की विनायक इकॉन एलईडी सेंटर नाम से फर्म है। यहां बिजली की लाइटिंग का थोक कारोबार होता है। अनिल ने बताया कि सोमवार रात करीब 12:30 बजे एसी में शॉर्ट सर्किट होने से शोरूम में आग लग गई। जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और शटर खोलकर आग बुझाने का प्रयास किया। उन्होंने बाल्टियों से पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन लपटें लगातार तेज होती गईं। आसपास के लोगों ने भी मदद की, लेकिन आग विकराल होने पर सभी को पीछे हटना पड़ा। देखते ही देखते शोरूम में रखा पूरा स्टॉक जल गया। बगल के सीएचसी सेंटर तक पहुंचीं लपटें अनिल के मुताबिक, शोरूम में करीब 29 से 30 लाख रुपए का सामान रखा था। आग इतनी तेजी से फैली कि बगल में संचालित सीएचसी सेंटर भी इसकी चपेट में आ गया। सेंटर में रखा सामान भी जलकर नष्ट हो गया। दुकानदार ने दमकल की गाड़ियों के देर से पहुंचने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि सूचना देने के करीब आधे से एक घंटे बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। तब तक आग काफी फैल चुकी थी और शोरूम का सामान जल चुका था। दमकल की दो गाड़ियों ने 20 मिनट में पाया काबू डीएसपी प्रतिज्ञा सिंह ने बताया कि 112 के माध्यम से आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और फायर सर्विस की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब 20 मिनट में आग पर काबू पा लिया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)