‘द टनल’ में मजदूरों की पीड़ा मंच पर दिखाई:प्रयागराज के स्टूडियो थिएटर में तीन दिवसीय नाट्य समारोह के दूसरे दिन हुआ मंचन
प्रयागराज के मुट्ठीगंज स्थित स्टूडियो थिएटर में रविवार देर रात तीन दिवसीय नाट्य समारोह के दूसरे दिन ‘द टनल’ का मंचन हुआ। सोनू यादव ने नाटक लिखा और अजीत बहादुर ने इसका निर्देशन किया। इसे देखने के लिए सभागार दर्शकों से भरा रहा। नाटक में टनल के भीतर फंसे मजदूरों की पीड़ा, घुटन, डर और जान बचाने की कोशिश दिखाई गई। कलाकारों ने अंधेरे और मुश्किल हालात में मजदूरों की बेबसी को अभिनय के जरिए मंच पर उतारा। मंचन के बाद रंगमंच की परिकल्पना, निर्माण, डिजाइन और सामाजिक सरोकारों पर परिचर्चा हुई। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के प्रो. अनिर्बान ने नाटक की मंच परिकल्पना और डिजाइन की तारीफ की। उन्होंने कहा कि मंच का डिजाइन दर्शकों को समस्या की वास्तविकता से सीधे जोड़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि इसे असल हालात के और करीब ले जाने की गुंजाइश है। रंगकर्मी संदीप और पेट्रोलियम विभाग के विशेषज्ञों की टीम ने नाटक को मौजूदा समय के लिहाज से प्रासंगिक बताया। उन्होंने कहा कि आज कई जगह टनल बन रही हैं, लेकिन इस दौरान सुरक्षा नियमों की अनदेखी और प्रशासनिक लापरवाही के मामले सामने आते हैं। उनके मुताबिक, नाटक समाज को इन सवालों पर सोचने के लिए प्रेरित करता है। लेखक सोनू यादव ने परिचर्चा में बताया कि टनल में फंसे मजदूरों की पीड़ा और उनकी मानवीय संवेदनाओं ने उन्हें यह नाटक लिखने की प्रेरणा दी। निर्देशक अजीत बहादुर ने रंगमंच, सिनेमा और मंच पर प्रस्तुति के अलग-अलग पहलुओं पर बात की। कलाकारों ने नाटक के दौरान अंधेरे और घुटन भरे माहौल को मंच पर महसूस करने के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि अभिनय के जरिए ऐसी परिस्थिति दर्शकों तक पहुंचाना चुनौतीपूर्ण रहा। कार्यक्रम का आयोजन एक्स्ट्रा एन ऑर्गेनाइजेशन और बहता नीर ने संयुक्त रूप से किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)