भारत के बाद चीन जा सकते हैं नेपाली PM बालेन:BRI योजना पर बातचीत होगी; 2017 में समझौता हुआ था लेकिन अब तक लागू नहीं हुई

Nov 28, 2026 - 21:26
0
भारत के बाद चीन जा सकते हैं नेपाली PM बालेन:BRI योजना पर बातचीत होगी; 2017 में समझौता हुआ था लेकिन अब तक लागू नहीं हुई
भारत के दौरे के बाद अब नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह चीन जा सकते हैं। उनका यह दौरा जनवरी 2027 तक हो सकता है। दोनों देशों ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। बालेन शाह के दौरे के दौरान चीन की बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव योजना, अटकी हुई विकास परियोजनाओं और चीनी निवेश पर बातचीत हो सकती है। नेपाल और चीन ने 2017 में BRI को लेकर समझौता किया था। हालांकि 9 साल बाद भी यह योजना लागू नहीं हो पाई है। चीन चाहता है कि पुरानी योजनाओं पर काम शुरू हो चीन के अधिकारियों को चिंता है कि नेपाल की पिछली सरकारों के समय दोनों देशों के बीच हुए समझौतों पर काम काफी धीमी गति से चल रहा है। इसका एक उदाहरण टोखा-छहरे सुरंग सड़क प्रोजेक्ट है। इस सड़क के निर्माण से पहले होने वाली जांच लगभग पूरी होने वाली है लेकिन सरकारी प्रक्रियाओं में देरी के कारण काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है। चीन चाहता है कि बालेन सरकार पुरानी योजनाओं को तेजी से पूरा करे। इसके अलावा दोनों देशों के बीच रेल और सड़क संपर्क बढ़ाने, उत्तरी सीमा पर व्यापार के रास्ते खोलने और नेपाल में बाढ़ के बाद दोबारा निर्माण के काम में मदद जैसे मुद्दों पर भी बातचीत हो सकती है। नेपाल से 20 नेताओं का दल बीजिंग गया था बालेन की प्रस्तावित यात्रा से पहले उनकी पार्टी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के 20 नेताओं का एक दल 15 नवंबर को चीन गया था। इस दल ने वहां 10 दिन बिताए। चीन जाने से पहले बालेन ने नेताओं से BRI, चीनी निवेश, पर्यटन, सड़क और दूसरी विकास योजनाओं पर बातचीत करने को कहा था। उन्होंने यह भी कहा था कि इन मुद्दों पर नेपाल के हितों को सबसे ऊपर रखा जाए। हालांकि चीन से लौटने के बाद इस दल ने BRI को लेकर कोई बड़ा बयान नहीं दिया। BRI समझौता अब तक लागू क्यों नहीं हुआ? बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव (BRI) की शुरुआत चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने 2013 में की थी। इसका मकसद दूसरे देशों में सड़कें, रेलवे लाइन, पुल और बंदरगाह बनाकर चीन के साथ उनका व्यापार और संपर्क बढ़ाना है। चीन अब तक 150 से ज्यादा देशों के साथ BRI से जुड़े समझौते कर चुका है। इनमें एशिया, अफ्रीका, यूरोप और दक्षिण अमेरिका के देश शामिल हैं। BRI को लेकर नेपाल और चीन के बीच हुए समझौते का मकसद भी सड़क, रेल और दूसरी विकास योजनाओं के जरिए दोनों देशों के बीच संपर्क और व्यापार बढ़ाना है। पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की सरकार के समय इसे लागू करने के लिए एक और समझौता हुआ। लेकिन इन योजनाओं के लिए पैसा कैसे दिया जाएगा, इस पर दोनों देशों में सहमति नहीं बन पाई। नेपाल चाहता है कि चीन इन परियोजनाओं के लिए कर्ज देने के बजाय आर्थिक मदद दे, ताकि उस पर कर्ज का बोझ न बढ़े। इसी वजह से कई योजनाओं पर काम आगे नहीं बढ़ सका। अब बालेन के चीन दौरे में यह सबसे अहम मुद्दा हो सकता है। भारत में 25 घंटे रहे थे बालेन शाह बालेन ने 26 मार्च 2026 को प्रधानमंत्री पद संभाला था। इसके बाद उनका पहला द्विपक्षीय विदेश दौरा भारत का रहा। वे 22 नवंबर को नई दिल्ली पहुंचे और करीब 25 घंटे 30 मिनट भारत में रहने के बाद 23 नवंबर को काठमांडू लौट गए। भारत दौरे के दौरान दोनों देशों ने डिजिटल सुविधाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेती, ऊर्जा, सैटेलाइट, शहरी विकास और सीमा पार संपर्क से जुड़े 8 समझौतों पर हस्ताक्षर किए थे। भारत ने नेपाल में बाढ़ के बाद दोबारा निर्माण और विकास कार्यों के लिए 15 हजार करोड़ रुपए की मदद देने का ऐलान भी किया था।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User