जेलेंस्की बोले- मौजूदा मोर्चे पर सीजफायर के लिए तैयार:पुतिन पीछे हटने को तैयार नहीं, इसलिए यहीं युद्ध रोककर बातचीत करना चाहते हैं
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि उनका देश रूस के साथ मौजूदा मोर्चे पर सीजफायर करने के लिए तैयार है। उन्होंने रविवार को कतर के न्यूज चैनल अल जजीरा को दिए इंटरव्यू में प्रस्ताव दिया कि दोनों देशों की सेनाएं जहां तैनात हैं, वहीं रुक जाएं और इसके बाद युद्ध खत्म करने के लिए कूटनीतिक बातचीत शुरू की जाए। जेलेंस्की के मुताबिक, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन यूक्रेन के कब्जे वाले इलाकों से पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। ऐसे में मौजूदा सैन्य स्थिति में युद्ध रोकना यूक्रेन की ओर से बड़ा समझौता होगा। ट्रम्प से युद्ध खत्म कराने की अपील की जेलेंस्की ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से युद्ध खत्म कराने की कोशिशें जारी रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि अमेरिका के पास इस संघर्ष को समाप्त कराने के लिए पर्याप्त राजनीतिक ताकत और अधिकार हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि शांति समझौते का बोझ सिर्फ यूक्रेन पर नहीं डाला जाना चाहिए। अबू धाबी में फिर होगी अमेरिका की मध्यस्थता में बातचीत इस बीच, क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने रूसी न्यूज एजेंसी RIA नोवोस्ती को बताया कि रूस और यूक्रेन के बीच बातचीत का अगला दौर अबू धाबी में होगा। इसमें अमेरिका मध्यस्थता करेगा। हालांकि, बैठक की तारीख अभी तय नहीं की गई है। इससे पहले फरवरी में स्विट्जरलैंड के जिनेवा में दोनों देशों के बीच बातचीत हुई थी। अबू धाबी में भी जनवरी और फरवरी में रूस, यूक्रेन और अमेरिका के बीच तीन पक्षों वाली बातचीत के दो दौर हो चुके हैं। फिलहाल बातचीत में कोई ठोस सहमति नहीं बन पाई है। ऐसे में जेलेंस्की का मौजूदा मोर्चे पर सीजफायर का प्रस्ताव आगे की शांति वार्ता के लिए अहम हो सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)