बच्चियों ने खाई जंगली पौधे की फलियां, दो की मौत:बिजनौर जिला अस्पताल में तीसरी बच्ची भर्ती, कब्रिस्तान के सामने खेल रही थीं तीनों
बिजनौर के बढ़ापुर के मोहल्ला ठाकुरान में एक ही गली में रहने वाली तीन मासूम बच्चियों की अचानक तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। इलाज के दौरान दो बच्चियों की मौत हो गई, जबकि तीसरी बच्ची जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। प्रारंभिक चर्चा में सामने आया है कि कब्रिस्तान के सामने खेलते समय बच्चियों ने कूड़े के ढेर के पास उगे किसी जंगली पौधे (कसौदा या पावड़) के फूल और फलियां खा ली थीं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। दो मासूमों की मौत से पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है। 24 घंटे के भीतर दो घरों में पसरा मातम मोहल्ला ठाकुरान निवासी शकील की पांच वर्षीय बेटी चाहत, सलीम की चार वर्षीय बेटी माही नूर और शमीम की छह वर्षीय बेटी सादिका के घर आसपास ही हैं। गुरुवार को सबसे पहले चाहत की तबीयत बिगड़ी। परिजन उसे नगीना-धामपुर मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने बिजनौर रेफर कर दिया। बिजनौर ले जाते समय रास्ते में ही मासूम चाहत ने दम तोड़ दिया। शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद जब मोहल्ले में चाहत को सुपुर्द-ए-खाक करने की तैयारी चल रही थी, तभी पड़ोस में रहने वाली सलीम की चार वर्षीय बेटी माही नूर की भी अचानक हालत बिगड़ गई। घबराए परिजन उसे पहले स्थानीय चिकित्सक, फिर नगीना और धामपुर के अस्पतालों में लेकर दौड़े। वहां से बिजनौर रेफर किए जाने पर रास्ते में दोपहर के समय माही नूर की भी सांसें थम गईं। एंबुलेंस की घंटों इंतजार के बाद जिला अस्पताल भेजी गई तीसरी बच्ची इसी बीच मोहल्ले की तीसरी बच्ची सादिका (6) पुत्री शमीम की भी तबीयत खराब होने की जानकारी सामने आई, जिसका परिजन स्थानीय स्तर पर उपचार करा रहे थे। एक ही मोहल्ले की दो बच्चियों की मौत की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार और हल्का चौकी प्रभारी अजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तीसरी बच्ची सादिका की नाजुक हालत को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन उसे तत्काल जिला अस्पताल बिजनौर भेजने के लिए एंबुलेंस को कॉल किया। लेकिन आरोप है कि कई घंटों तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। काफी इंतजार के बाद एंबुलेंस आने पर बच्ची को मेडिकल उपचार के लिए जिला अस्पताल रवाना किया जा सका। परिजनों ने लिखित में दिया- नहीं कराना चाहते पोस्टमार्टम मोहल्ले में इस बात की चर्चा जोरों पर है कि तीनों बच्चियां कब्रिस्तान के सामने खेल रही थीं और वहीं कूड़े के ढेर के पास उगे कसौदा या पावड़ के पौधे की फलियां खाने से उनकी हालत बिगड़ी है। पुलिस ने मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए दोनों मृत बच्चियों के परिजनों से शवों का पोस्टमार्टम कराने का आग्रह किया, लेकिन दोनों परिवारों ने इसके लिए साफ इनकार कर दिया। परिजनों ने पुलिस को लिखित में लिखकर दिया कि वे न तो पोस्टमार्टम कराना चाहते हैं और न ही किसी तरह की कानूनी कार्रवाई के इच्छुक हैं। पुलिस ने परिजनों की लिखित सहमति के आधार पर आवश्यक कार्रवाई पूरी की है। एक साथ दो मासूमों की मौत से जहां दो परिवारों में चीख-पुकार मची है, वहीं तीसरी बच्ची की सलामती के लिए पूरा मोहल्ला दुआ कर रहा है।
यह खबर भी पढ़ें… ट्रक ने टैंकर को मारी टक्कर, हेल्पर जिंदा जला:ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान, 2 घंटे तक लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर जलता रहा बरेली में खड़े टैंकर में पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों में आग लग गई। आग की चपेट में आकर 22 साल के ट्रक हेल्पर जिंदा जल गया। उसके अवशेष मिले हैं। वहीं, चालक ने कूदकर जान बचा ली। करीब 2 घंटे तक लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर आग की लपटें उठती रहीं। इस दौरान लंबा जाम लग गया। पढ़िए पूरी खबर…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)