बेटे-बहू की चिता देख फूट-फूटकर रोए पिता:प्रयागराज में कांपते हाथों से दी मुखाग्नि, एक साथ चार अर्थियां देख हर आंख नम
प्रयागराज के नीमसराय मोहल्ले में जिस घर में बेटे, बहू और पोते-पोतियों के आने का इंतजार था, वहां गुरुवार की सुबह चार अर्थियां उठीं तो हर तरफ चीख-पुकार मच गई। बुधवार तक परिवार के लोग बुजुर्ग माता-पिता से बेटे, बहू और दोनों बच्चों की मौत की खबर छिपाए हुए थे। उन्हें डर था कि 66 साल के जयगोविंद उपाध्याय और 60 साल की कुमुद उपाध्याय यह सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाएंगे। लेकिन गुरुवार की सुबह जब चारों के शव घर पहुंचे तो माता-पिता की आंखों के सामने उनकी पूरी दुनिया उजड़ चुकी थी। बेटे सौरभ, बहू मेनका और दोनों मासूम पोतों के शव देखकर माता-पिता और दोनों बहनें फूट-फूटकर रोने लगीं। घर से एक साथ चार अर्थियां उठीं तो मोहल्ले के लोगों की भी आंखें नम हो गईं। परिवार के लोग चारों शवों को लेकर रसूलाबाद घाट पहुंचे। वहां पिता जयगोविंद उपाध्याय को अपने इकलौते बेटे और बहू को मुखाग्नि देनी पड़ी। दोनों मासूम बच्चों के शवों को दफनाया गया।
बेटे के चेहरे को एकटक निहारते रहे रसूलाबाद घाट पर सबसे हृदयविदारक दृश्य उस वक्त सामने आया, जब जयगोविंद उपाध्याय अपने बेटे सौरभ और बहू मेनका को मुखाग्नि देने के लिए आगे बढ़े। बेटे का चेहरा देखते ही उनका सब्र टूट गया। वह फूट-फूटकर रोने लगे। कुछ देर तक एकटक बेटे के चेहरे को निहारते रहे। परिजनों ने किसी तरह उन्हें संभाला। इसके बाद उन्होंने बेटे और बहू को मुखाग्नि दी। मुखाग्नि देने के बाद भी वह खुद को संभाल नहीं सके। काफी देर तक दोनों चिताओं से कुछ दूरी पर बैठकर उन्हें एकटक निहारते रहे। जिस बेटे के आने की राह वह देख रहे थे, उसी बेटे को अपने हाथों से अंतिम विदाई देनी पड़ी। रात में ही हुआ पोस्टमार्टम, सुबह सात बजे घर पहुंचे शव हरदोई के सांडी थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर बुधवार दोपहर हुए हादसे में सौरभ उपाध्याय, उनकी पत्नी मेनका और दोनों बेटों व्योम व शिवओम की मौत हो गई थी। हादसे के बाद चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। डीएम की अनुमति मिलने के बाद रात में ही चारों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। देर रात परिजन शव लेकर प्रयागराज के लिए रवाना हुए। गुरुवार सुबह करीब सात बजे चारों शव नीमसराय स्थित घर पहुंचे। शव पहुंचते ही वहां पहले से खुद को संभाल रहे परिजनों का सब्र जवाब दे गया। बहनों ने कहा था- मम्मी-पापा के सामने मत रोना इससे पहले परिवार के लोग बुजुर्ग माता-पिता को सच बताने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। बुधवार को घर के इकलौते बेटे, बहू और दोनों बच्चों की मौत की खबर मिली तो रिश्तेदारों ने तय किया कि माता-पिता को तत्काल कुछ नहीं बताया जाएगा। सभी अपने आंसू छिपाकर सामान्य रहने की कोशिश करते रहे। लेकिन गुरुवार सुबह चारों शव पहुंचते ही वह दर्द सामने आ गया, जिसे परिवार ने पूरी रात छिपाकर रखा था। भाई दूज और छठ मनाने घर लौट रहा था परिवार सौरभ उपाध्याय नोएडा में लंदन बेस्ड कंपनी बार्कलेज में एवीपी ट्रांसफॉर्मेशन के पद पर कार्यरत थे। वह पत्नी मेनका और दोनों बेटों के साथ पिछले पांच-छह वर्षों से नोएडा में रह रहे थे। इससे पहले वह पुणे में नौकरी करते थे। दीपावली पर घर नहीं आ पाने के बाद उन्होंने परिवार से भाई दूज और छठ पर प्रयागराज आने का वादा किया था। बुधवार सुबह भी उनकी परिवार से फोन पर बात हुई थी। उन्होंने बताया था कि वह घर आने के लिए निकल चुके हैं। बहनोई शिशिर उपाध्याय के मुताबिक, परिवार को इंतजार था कि सौरभ पत्नी और बच्चों के साथ जल्द घर पहुंचेंगे। किसी को नहीं पता था कि जिस फोन पर उनके आने की खबर मिली है, उसके कुछ घंटे बाद ही पूरे परिवार की मौत की सूचना मिलेगी। डिवाइडर से टकराकर 30 मीटर तक घिसटती रही कार बुधवार दोपहर करीब 12 बजे हरदोई के सांडी थाना क्षेत्र में भटौली माफी गांव के पास सौरभ की कार अचानक बेकाबू हो गई। कार डिवाइडर से टकराने के बाद करीब 30 मीटर तक उसी पर दौड़ती रही। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी पूरी तरह चकनाचूर हो गई। इंजन और बोनट समेत कार के कई हिस्से करीब 100 मीटर के दायरे में बिखर गए थे। कार चला रहे सौरभ और आगे बैठी उनकी पत्नी मेनका की मौके पर ही मौत हो गई। पीछे बैठे सात साल के व्योम को टक्कर के दौरान कार की खिड़की से बाहर उछलकर करीब 20 फीट नीचे अंडरपास में जा गिरा। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, डेढ़ साल के शिवओम को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने सीपीआर देकर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। इकलौते बेटे के साथ उजड़ गया पूरा परिवार सौरभ अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनकी दो बहनें मधुलिका और भावना हैं। मधुलिका की शादी प्रयागराज के प्रीतम नगर में हुई है, जबकि भावना वाराणसी में रहती हैं। पिता जयगोविंद उपाध्याय एयरफोर्स में सेवाएं दे चुके हैं। बाद में वह प्रयागराज की एमपी-एमएलए कोर्ट में स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर (एसपीओ) रहे और इसी पद से सेवानिवृत्त हुए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)