ई-रिक्शा संचालन पर रोक के विरोध में चालकों का प्रदर्शन:एसपी को सौंपा ज्ञापन, धर्मशाला चौराहे तक चलाने की मांगी अनुमति
सोनभद्र में ई-रिक्शा संचालन पर लगी रोक के विरोध में गुरुवार को सैकड़ों चालकों ने प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा के नेतृत्व में चालक चुर्क रामलीला मैदान से पुलिस लाइन पहुंचे और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने पहले की तरह रॉबर्ट्सगंज से धर्मशाला चौराहे तक ई-रिक्शा चलाने की अनुमति देने की मांग की। पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने कहा कि चालक बैंक से कर्ज लेकर ई-रिक्शा खरीदते हैं। इसी से परिवार का खर्च चलाते हैं और बैंक की किस्तें भी चुकाते हैं। रॉबर्ट्सगंज से आगे जाने पर रोक लगने से उनकी रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को चालकों की आजीविका का भी ध्यान रखना चाहिए। यात्रियों को देना पड़ रहा दोहरा किराया चालकों ने कहा कि पहले ई-रिक्शा धर्मशाला चौराहे तक सवारियां लेकर जाते थे। इससे मरीजों, महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य यात्रियों को सुविधा मिलती थी। अब तय सीमा से आगे जाने की अनुमति नहीं है। ऐसे में यात्रियों को बीच रास्ते में वाहन बदलना पड़ता है और दोहरा किराया देना पड़ता है। निजी बसों पर कार्रवाई न होने का आरोप पूर्व चेयरमैन चुर्क सईद कुरैशी ने कहा कि इस मार्ग पर बड़े वाहन और निजी बसें भी चलती हैं। सड़क किनारे बसें खड़ी कर सवारियां बैठाने से जाम लगता है, लेकिन कार्रवाई केवल ई-रिक्शा चालकों पर हो रही है। उन्होंने सभी वाहन चालकों पर समान रूप से यातायात नियम लागू करने की मांग की। नियमों का पालन करने का दिया भरोसा चालकों ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष निर्णय लेने और धर्मशाला चौराहे तक ई-रिक्शा संचालन की अनुमति देने की अपील की। उन्होंने कहा कि वे यातायात नियमों का पालन करने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करेंगे, लेकिन उनकी आजीविका पर असर नहीं पड़ना चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)