भाभी की आंखें दिखाने गई महिला लापता, FIR:अलीगढ़ में घर से निकली थी महिला, शाम को फोन बंद मिला; रिश्तेदारों और मायके में तलाश के बाद भी नहीं चला पता
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के जमालपुर में भाभी की आंखें दिखाने अस्पताल जाने की बात कहकर घर से निकली 30 वर्षीय महिला लापता हो गई। महिला ने पति से जल्द लौटने की बात कही थी, लेकिन शाम तक घर नहीं पहुंची। फोन बंद मिलने और मायके में भी उसके नहीं पहुंचने की जानकारी के बाद पति ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने गुमशुदगी के मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, महिला 19 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे घर से निकली थी। उसने बताया था कि वह अपनी भाभी को आंखें दिखाने जा रही है और अस्पताल से जल्दी लौट आएगी। शाम को पति घर पहुंचा तो बेटी से पत्नी के बारे में पूछा। बेटी ने भी बताया कि मां मामी की आंखें दिखाने गई हैं।
इसके बाद पति ने महिला को फोन किया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। उसने अपने ससुराल में संपर्क कर जानकारी की तो पता चला कि महिला वहां नहीं पहुंची है और न ही वहां किसी की आंखें दिखाने की योजना थी। इसके बाद पति ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं मिला।
काफी तलाश के बाद पति ने सिविल लाइंस थाने में तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज कराने और महिला को जल्द तलाशने की मांग की। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक मोहित कुमार को सौंपी है। अब पुलिस महिला की तलाश में जुटी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)