शाहजहांपुर में यातायात विभाग की मनमानी पर अधिवक्ताओं का गुस्सा:एसपी को सौंपा 10 सूत्रीय ज्ञापन; मांगें न मानी तो नवंबर में धरना
शाहजहांपुर में बुधवार दोपहर एक बजे यातायात विभाग की कथित मनमानी और भारी चालानों के खिलाफ अधिवक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। सेंट्रल बार एसोसिएशन के महासचिव राजेश अवस्थी और अधिवक्ता अनूप कुमार के नेतृत्व में महिला-पुरुष अधिवक्ताओं ने एसपी को 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ताओं का आरोप है कि यातायात पुलिस शहर के रिहाइशी और संकरे इलाकों में छिपकर फोटो खींचती है और चालान करती है। उन्होंने मांग की है कि नवंबर में 'यातायात माह' शुरू होने से पहले पुलिसकर्मियों की काउंसलिंग हो और नियम सभी पर समान रूप से लागू हों। ज्ञापन में संकरे इलाकों में छिपकर चेकिंग बंद करने और चेकिंग पॉइंट शहर के बाहर हाईवे से जुड़े लिंक मार्गों पर 200 मीटर पहले बनाने की बात कही गई। साथ ही, शहर के अंदरूनी मार्गों पर हेलमेट की अनिवार्यता से राहत देने और इसे केवल हाईवे पर सख्ती से लागू करने की मांग की गई। कलेक्ट्रेट व न्यायालय परिसर के 500 मीटर दायरे में अधिवक्ताओं के सभी चालान रद्द करने की भी मांग की गई। ज्ञापन के माध्यम से अधिवक्ताओं ने जिला व पुलिस प्रशासन को कड़ा अल्टीमेटम दिया है कि यदि नवंबर से पहले इन नीतिगत और बिंदुओं पर सकारात्मक और दृश्यमान प्रशासनिक सुधार शुरू नहीं किए जाते हैं, तो जनपद के समस्त अधिवक्ता पूरे नवंबर माह (यातायात माह) को न्याय व्यवस्था के सम्मान और जनहित की रक्षा के लिए समर्पित करेंगे। शाहजहाँपुर के प्रमुख चौराहों और तिराहों का पूर्ण विधिक, शांतिपूर्ण व लोकतांत्रिक घेराव किया जाएगा और अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)