फाइनेंस कंपनी कर्मचारी से लूट का खुलासा, चार गिरफ्तार:49,500 रुपये नकद, टैबलेट और वारदात में प्रयुक्त दो बाइक बरामद
बहराइच कोतवाली देहात पुलिस ने फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से हुई लूट की घटना का बुधवार की दोपहर दो बजे खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 49,500 रुपये नकद, लेनोवो कंपनी का टैबलेट और वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार 14 अक्टूबर को भारत फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी सतीश चंद्र मोटरसाइकिल से बेड़नापुर क्षेत्र से बहराइच लौट रहे थे। महाकाल पेट्रोल पंप के पास अज्ञात लोगों ने उन्हें धक्का देकर उनका बैग छीन लिया था। बैग में नकदी, टैबलेट, पावर बैंक और बायोमैट्रिक मशीन थी। मामले में कोतवाली देहात में मुकदमा दर्ज किया गया था। घेराबंदी कर चारों आरोपियों को पकड़ा अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने 21 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर अहिरनपुरवा गोलवा से कहारनपुरवा जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर चारों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कर्मचारी के वसूली कार्य और उसके आने-जाने के मार्ग की जानकारी होने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, इसी आधार पर उन्होंने योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सत्यदेव विश्वकर्मा उर्फ सत्या, विपिन यादव, बड़कऊ उर्फ हुसैन और सत्येंद्र कुमार शुक्ला उर्फ सचिन के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) और 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)