कानपुर में ट्रैक्टर ने मेडिकल छात्र को कुचला, मौत:कॉलेज जाने के लिए ऑटो का इंतजार कर रहा था, भाग रहे चालक को लोगों ने पकड़ा
कानपुर के कल्याणपुर में बुधवार सुबह तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ऑटो का इंतजार कर रहे मेडिकल छात्र को कुचल दिया। हादसे में 20 साल के अमन सिंह की मौत हो गई। वह रोज की तरह कॉलेज जाने के लिए घर से निकला था। हादसा दलहन क्रॉसिंग पार करने के बाद हुआ, जहां अमन ऑटो का इंतजार कर रहा था। टक्कर के बाद चालक भागने लगा, लेकिन राहगीरों ने उसे ट्रैक्टर समेत पकड़ लिया। पुलिस अमन को हैलट अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ट्रैक्टर पर लगी नंबर प्लेट किसी दूसरे वाहन की निकली। पुलिस चालक को हिरासत में लेकर जांच कर रही है। भाई के साथ रहता था अमन कल्याणपुर थाना क्षेत्र के आवास विकास निवासी देवपाल सिंह किसान हैं। परिवार में पत्नी किरण और दो बेटे हैं। बड़ा बेटा पवन अस्पताल चलाता है, जबकि छोटा बेटा अमन सिंह (20) कार्डियोलॉजी से एनेस्थीसिया की पढ़ाई कर रहा था। अमन अपने बड़े भाई के साथ कल्याणपुर केशवपुरम में रहता था। माता-पिता कानपुर देहात के रसूलाबाद क्षेत्र स्थित रामपुर तालुका गांव में रहते हैं। पवन के मुताबिक, अमन बुधवार सुबह करीब 7 बजे रोज की तरह कॉलेज जाने के लिए घर से निकला था। दलहन क्रॉसिंग पार करने के बाद वह ऑटो का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मारकर कुचल दिया। हादसे में अमन को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे वाहन की नंबर प्लेट लगाकर चला रहा था ट्रैक्टर हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर भागने लगा। वहां मौजूद राहगीरों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और अमन को हैलट अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को अमन के पास मोबाइल फोन मिला, जिससे परिजनों को हादसे की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। बेटे का शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रैक्टर की जांच में उसकी नंबर प्लेट किसी दूसरे वाहन की निकली। पुलिस अब ट्रैक्टर के असली रजिस्ट्रेशन नंबर, मालिक और दूसरे वाहन की नंबर प्लेट लगाए जाने के कारणों की जांच कर रही है। आशंका है कि कार्रवाई से बचने के लिए ऐसा किया गया हो, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। कल्याणपुर थाना प्रभारी किशोर कुमार तिवारी ने बताया कि हादसे के बाद चालक को ट्रैक्टर समेत पकड़ लिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)