सहारनपुर में कानूनगो 15 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार:जमीन की पैमाइश के लिए मांगे थे 40 हजार, पीड़ित 82 हजार देने का दावा
सहारनपुर में एंटी करप्शन टीम ने बुधवार दोपहर दो बजे के करीब सदर तहसील में कार्रवाई करते हुए कानूनगो प्रदीप रोहेला को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर जमीन की पैमाइश कराने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है। टीम ने आरोपी के कब्जे से केमिकल लगे 15 हजार रुपए बरामद किए। कार्रवाई के बाद तहसील में अफरा-तफरी मच गई। टीम आरोपी को थाना सदर बाजार ले गई, जहां उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एंटी करप्शन इंस्पेक्टर कुशलवीर के मुताबिक, पीड़ित तारिक ने कानूनगो के रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। शिकायत की जांच के बाद टीम ने बुधवार को सदर तहसील में जाल बिछाया। पीड़ित को केमिकल लगे नोट देकर आरोपी के पास भेजा गया। जैसे ही कानूनगो ने 15 हजार रुपए लिए, टीम ने उसे पकड़ लिया। पीड़ित तारिक ने बताया कि उसके पिता के नाम जमीन है। जमीन की पैमाइश और राजस्व अभिलेखों में स्थिति स्पष्ट कराने के लिए करीब सात महीने पहले धारा-24 के तहत आवेदन किया था। आरोप है कि उसकी फाइल करीब पांच महीने से संबंधित कर्मचारी के पास लंबित थी और काम आगे नहीं बढ़ रहा था। तारिक का दावा है कि जमीन से जुड़ा काम कराने के लिए कानूनगो ने उससे 40 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। इसमें से 16 या 17 तारीख को वह 5 हजार रुपए पहले दे चुका था। बाकी रकम में से 15 हजार रुपए देने के लिए बुधवार को तहसील पहुंचा था। इसी दौरान एंटी करप्शन टीम ने कार्रवाई कर दी। पीड़ित के मुताबिक, वह सात महीने में करीब 20 बार कानूनगो से मिला। इस दौरान अलग-अलग मौकों पर 2 हजार, 3 हजार और 5 हजार रुपए समेत छोटी-बड़ी रकम देता रहा। तारिक का दावा है कि अब तक वह करीब 80 से 82 हजार रुपए दे चुका है, लेकिन जमीन की पैमाइश का काम पूरा नहीं हुआ। तारिक ने बताया कि उसके पिता की जमीन के अलग-अलग हिस्सों के रकबे और मौके की स्थिति को लेकर अंतर है। इसी समस्या के समाधान के लिए उसने आवेदन किया था। पीड़ित ने एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई पर संतोष जताया और उम्मीद जताई कि अब उसका काम आगे बढ़ सकेगा। फिलहाल आरोपी कानूनगो के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। रिश्वत से जुड़े आरोपों और जमीन की पैमाइश के मामले में जांच के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)