भैरवाष्टमी पर पहली बार काल-भैरव मंदिर में होगी बाल्यावस्था प्रतिमा:तीन महीने में बनकर हुई तैयार, मंदिर की 150 साल पुरानी कलाकृतियों का हुआ पुनरुद्धार
काशी के कोतवाल कहे जाने वाले बाबा काल भैरव के प्राकट्य उत्सव (भैरवाष्टमी) को लेकर वाराणसी स्थित काल भैरव मंदिर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। एक दिसंबर को होने वाला इस बार का आयोजन कई मायनों में बेहद खास होने जा रहा है। मंदिर के आचार्य पंडित राजेश मिश्रा ने बताया कि पहली बार भैरव अष्टमी पर बाबा की बाल्यावस्था की प्रतिमा के दर्शन होंगे। यह प्रतिमा अष्टधातु से बनवाई गई है। इसके अपवा परिसर और उसके बाहर केके काटने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। 150 साल पुरानी कलाकृतियों को मिला नया जीवन
महंत आचार्य पंडित राजेश मिश्रा ने बताया कि इस वर्ष भैरवाष्टमी का सबसे मुख्य आकर्षण मंदिर परिसर की ऐतिहासिक विरासत का संरक्षण है। पिछले लगभग 100 से 150 वर्षों के दौरान मंदिर परिसर और बाबा के विग्रह के आसपास की बेहतरीन और प्राचीन कलाकृतियां पेंटिंग की परतों के नीचे दब गई थीं। मंदिर प्रशासन ने इस बार निर्णय लिया कि इन दुर्लभ कलाकृतियों को फिर से उकेर कर पुनर्जीवित किया जाए और पत्थरों का वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण किया जाए। एशियन पेंट्स को सौंपा गया 10 लाख का ठेका
इस ऐतिहासिक धरोहर को संवारने के लिए मंदिर प्रशासन ने एक विशेष पहल की है। महंत राजेश मिश्रा के अनुसार, पत्थरों के संरक्षण और दबी हुई कलाकृतियों को उभारने के लिए 'एशियन पेंट्स' को 10 लाख रुपये का ठेका दिया गया है। कंपनी के विशेषज्ञ पिछले तीन महीनों से मंदिर परिसर में इस कार्य को अंजाम दे रहे हैं। यह कार्य अब अपने अंतिम चरण में है और भैरवाष्टमी से पहले इसे पूरी तरह से संपन्न कर लिया जाएगा, जिससे श्रद्धालु बाबा के दरबार के मूल और भव्य स्वरूप का दर्शन कर सकेंगे। 'जन्मदिन' नहीं, 'प्राकट्य दिवस' के रूप में मनेगा उत्सव
धार्मिक परंपराओं और शास्त्रों की मर्यादा पर जोर देते हुए महंत जी ने एक बेहद स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि भैरवाष्टमी का दिन बाबा काल भैरव का 'प्राकट्य दिवस' है, क्योंकि इसी दिन भगवान शिव ने भैरव के रूप में अवतार लिया था। महंत ने उन लोगों पर सख्त ऐतराज जताया जो इस पावन अवसर को बाबा का 'जन्मदिन' कहते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ईश्वर का जन्म नहीं, बल्कि प्राकट्य होता है, इसलिए इसे प्राकट्य उत्सव के रूप में ही मनाया जाएगा। केक काटने पर पूर्ण प्रतिबंध, उल्लंघन पर होगी कठोर कार्रवाई
मंदिर की पवित्रता और सनातन परंपराओं को बनाए रखने के लिए मंदिर प्रशासन ने एक कड़ा नियम लागू किया है। महंत राजेश मिश्रा ने घोषणा की है कि भैरवाष्टमी के दिन मंदिर परिसर या उससे जुड़े किसी भी आयोजन में केक काटना पूरी तरह से वर्जित रहेगा। इसके साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मंदिर में किसी भी प्रकार की बाहरी संस्था को समानांतर रूप से काम करने या इस तरह के आयोजन करने की अनुमति नहीं है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति या संस्था मंदिर की मर्यादा के विरुद्ध जाकर केक काटने जैसा कार्य करता है, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। मंदिर प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पूरी श्रद्धा और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ बाबा के प्राकट्य उत्सव में शामिल हों।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)