एक्टर राजपाल यादव बोले- बंडा को जिला बनाओ:शाहजहांपुर में हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार, ग्रामीणों से मतदान बहिष्कार न करने की अपील

Nov 12, 2026 - 07:08
0
एक्टर राजपाल यादव बोले- बंडा को जिला बनाओ:शाहजहांपुर में हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार, ग्रामीणों से मतदान बहिष्कार न करने की अपील
शाहजहांपुर में अभिनेता राजपाल यादव ने बंडा ब्लॉक को जिला बनाने की मांग उठाई है। उन्होंने ग्रामीणों से मतदान का बहिष्कार नहीं करने की अपील की। यादव ने कहा कि वोट देना हर नागरिक का अधिकार है। अपने हक के लिए आवाज उठाना भी जरूरी है। बंडा जिला बनने से आसपास के कई जिलों का बोझ कम होगा और हजारों लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। राजपाल यादव शाहजहांपुर जिला मुख्यालय से करीब 65 किलोमीटर दूर बंडा ब्लॉक के कुंडरा गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने कहा कि उनका जन्म और जीवन इसी गांव से जुड़ा है। वह राजनीति से दूर हैं और अभिनेता के साथ सामाजिक कार्यकर्ता के तौर पर क्षेत्र की समस्याएं उठा रहे हैं। बंडा को जिला बनाने से आसपास के जिलों का बोझ होगा कम राजपाल यादव ने कहा कि बंडा को जिले का दर्जा मिलना चाहिए। रुहेलखंड में शाहजहांपुर, बदायूं, बरेली और पीलीभीत जिले हैं। बंडा से पीलीभीत करीब 70 किलोमीटर, बरेली 80 किलोमीटर और लखीमपुर 55 से 70 किलोमीटर दूर है। ऐसे में बंडा को जिला बनाने से लोगों को प्रशासनिक कामों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि बंडा धान, गन्ना और गेहूं की खेती का बड़ा केंद्र है। यहां सुनासिर नाथ मंदिर और मेला भी है, जिससे अलग-अलग समुदायों के लोग जुड़े हैं। मेला लगने से बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिलता है। बंडा जिला बनने से प्रशासनिक गतिविधियां बढ़ेंगी और हजारों लोगों की रोजी-रोटी के नए रास्ते खुलेंगे। 25 साल से सड़कों के लिए कर रहा हूं प्रयास यादव ने कहा कि वह किसान परिवार से हैं और पिछले 25 साल से अपने गांव और आसपास की सड़कों को बनवाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। पांच-पांच किलोमीटर के दायरे में कई गांवों की सड़कें आज भी खराब हालत में हैं। उन्होंने कई सरकारों और अधिकारियों के सामने यह मुद्दा उठाया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने देशभर के गांवों को टू-लेन सड़कों से जोड़ने की मांग की। कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत सड़कों का निर्माण और चौड़ीकरण होना चाहिए। सड़कों पर डिवाइडर भी बनाए जाएं, ताकि एक साथ दो ट्रैक्टर-ट्रॉली या बड़े वाहन आसानी से निकल सकें। यादव ने कहा कि कई सरकारें आईं, लेकिन उनके इलाके की सड़कों की समस्या जस की तस बनी हुई है। इस मामले में वह दुनिया की किसी भी अदालत में गवाही देने के लिए तैयार हैं। ग्रामीणों से बोले- मतदान का बहिष्कार मत करना राजपाल यादव ने ग्रामीणों से मतदान का बहिष्कार नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वोट देना उनका अधिकार है। सड़कों और विकास की मांग उठाना भी उनका अधिकार है। लोगों को घर से निकलकर मतदान करना चाहिए और अपने हक के लिए आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने बताया कि हाल ही में शाहजहांपुर के डीएम से उनकी बात हुई है। लखनऊ में भी इस मुद्दे पर चर्चा की गई है। डीएम सड़कों की समस्या पर ध्यान दे रहे हैं। लखनऊ से भी जल्द सड़कें बनवाने का आश्वासन मिला है। बोले- 2017 से राजनीति से हजारों मील दूर हूं राजनीति में आने के सवाल पर राजपाल यादव ने कहा कि वह 2017 में ही खुद को राजनीति से हजारों मील दूर कर चुके हैं। अब वह पूरे विश्व के अभिनेता हैं। उनके जीवन में 90 प्रतिशत अभिनय और 10 प्रतिशत समाजसेवा है। उन्होंने कहा कि राजनीति करने के लिए देश में एक से बढ़कर एक अच्छे लोग हैं। अभिनय और राजनीति दोनों को एक साथ करना मुश्किल है। राजनीति में रहने पर अभिनय छोड़ना पड़ेगा और अभिनय करने पर राजनीति से दूरी बनानी होगी। वह अभिनेता और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में अपनी बात रख सकते हैं, लेकिन राजनेता के रूप में नहीं। बोले- मेरा जन्म-मरण का नाता बंडा से यादव ने कहा कि उनका घर बंडा में है और इस गांव से उनका जन्म-मरण का रिश्ता है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, "अगर मैं कहीं दूसरी जगह मरा, तो मेरे शव को यहीं लाना। पिता जी की समाधि के पास मेरा इंतजाम पहले से तय है।" उन्होंने कहा कि बंडा से कंबाइन, ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली गुजरते हैं, लेकिन इसके बावजूद इलाके का विकास नहीं हुआ। विदेशों में रहने वाले उनके प्रशंसक भी उनका गांव देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वह बंडा को लेकर किसी विवाद में नहीं पड़ना चाहते, बल्कि संवाद के जरिए अपनी बात रखना चाहते हैं। 2027-28 में रिलीज होंगी करीब एक दर्जन फिल्में फिल्मों को लेकर राजपाल यादव ने बताया कि उनकी करीब एक दर्जन फिल्में पाइपलाइन में हैं, जो 2027-28 में रिलीज होंगी। उन्होंने कहा कि साल 2026 उनके लिए अच्छा रहा और कई अच्छी फिल्में आईं। फिल्मों ने हमेशा उनका साथ दिया है और उनके पास अपनी पसंद की फिल्मों को चुनने का विकल्प रहा है। वहीं, कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामले पर उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी अदालत से मिलती रहेगी। उन्हें न्यायालय पर पूरा भरोसा है। अदालत में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User