तीन दोस्तों की जान लेने वाली थार बरामद:हादसे के बाद से ड्राइवर फरार, परिजनों के जाम लगाने के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
कन्नौज में तीन दोस्तों की मौत का कारण बनी थार कार को पुलिस ने बुधवार रात करीब 9 बजे बरामद कर लिया। हादसे के बाद से फरार चल रहे ड्राइवर की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं। बरामद थार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त है। पुलिस ने गाड़ी को तिर्वा कोतवाली में खड़ा कराया है। मामला इंदरगढ़ थाना क्षेत्र का है। बाइक सवार चार दोस्तों को मारी थी टक्कर दरअसल, 9 नवंबर की रात इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के कचाटीपुर गांव में सरदार पटेल इंटर कॉलेज के पास संकरी पुलिया पर तेज रफ्तार थार कार ने बाइक सवार चार दोस्तों को टक्कर मार दी थी। बाइक पर विजय उर्फ रामजी, वेदप्रकाश, मनीष और आशीष सवार थे। हादसे में विजय उर्फ रामजी, वेदप्रकाश और मनीष की मौत हो गई थी, जबकि आशीष गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजनों ने सड़क जाम कर किया था हंगामा तीन युवकों की मौत से परिवारों में कोहराम मच गया था। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया था। मंगलवार को आक्रोशित परिजनों ने कार और चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अगौस गांव के सामने सड़क जाम कर हंगामा किया था। इसके बाद पुलिस पर जल्द कार्रवाई का दबाव बढ़ गया था। कार बरामद, ड्राइवर की तलाश जारी मामले की जांच कर रही इंदरगढ़ पुलिस ने हादसे में इस्तेमाल थार कार बरामद कर ली है। हालांकि, अभी तक ड्राइवर पुलिस की पकड़ से बाहर है। तिर्वा सीओ कुलवीर सिंह ने बताया कि हादसे में इस्तेमाल थार कार बरामद कर ली गई है। गाड़ी कहां से बरामद हुई और किसके नाम पर पंजीकृत है, इसकी जानकारी इंदरगढ़ एसओ दे पाएंगे। उन्होंने बताया कि गाड़ी का मालिक भी गुरुवार तक आ जाएगा। इस मामले में तिर्वा कोतवाली प्रभारी संजय शुक्ला और इंदरगढ़ थाना प्रभारी विनोद कश्यप से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)