मेला घुमाने के बहाने ले गए युवक का शव मिला:परिजनों ने तीन लोगों पर आरोप लगाया, पुलिस से जांच और कार्रवाई की मांग, परिवार का इकलौता सहारा था मृतक
श्रावस्ती : जनपद के मुझहनिया गांव के लालू यादव का शव बीते बृहस्पतिवार रात्रि केवलपुर गांव के पास मिला था। परिजनों का आरोप है कि रिश्तेदार उसे मेला घुमाने के बहाने घर से बुलाकर ले गए थे। वहीं रविवार दोपहर 12:00 बजे परिवार ने बताया की उन्हें आशंका है कि उनके बेटे के साथ अनहोनी हुई है, उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। उधर पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. परिजनों के मुताबिक, बीते बृहस्पतिवार को उनके बेटे लालू को रिश्ते में बड़े मामा के बेटों समेत कुछ लोग अपने साथ घर से बुलाकर मेला दिखाने के बहाने ले गए थे। आरोप है कि वे उसे पूरे दिन अपने साथ रखने के बाद शाम को केवलपुर गांव के पास छोड़ गए। परिजनों ने उसे शॉल और कपड़ों में लिपटा मृत पाया। लालू की मां रामपति ने रामपाल निवासी केवलपुर, मनोज निवासी लक्ष्मणनगर समेत तीन लोगों पर बेटे को ले जाने और उसके साथ अनहोनी करने का कथित आरोप लगाया है। उन्होंने थाने में प्रार्थना पत्र दिया है। चाचा संतोष कुमार ने भी निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों ने घटना से जुड़े सभी लोगों के मोबाइल फोन की जांच सर्विलांस के जरिए करवाकर सच्चाई सामने लाने की मांग की है। उनका आरोप है कि लालू को साथ ले जाने के दौरान शायद शराब भी पिलाई गई थी। लालू की करीब दो साल पहले शादी हुई थी, लेकिन अभी गवना नहीं हुआ था। वह दो भाइयों में छोटा था और मजदूरी कर परिवार का सहारा बना हुआ था। कुछ महीने पहले ही वह बाहर से मजदूरी कर घर लौटा था। परिजनों के मुताबिक, परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है और उनकी किसी से पुरानी दुश्मनी नहीं थी। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता सहारा था उसका बड़ा भाई माता-पिता से अलग रहता है। हालांकि मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही साफ होगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)