बिजनौर में एक दिन में 5.4 डिग्री गिरा न्यूनतम तापमान:सुबह सैर पर निकलने वालों की संख्या घटी, ग्रामीण इलाकों में दिखी धुंध
बिजनौर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। सोमवार को इस सीजन का अब तक का सबसे घना कोहरा छाया। मंगलवार सुबह शहर में कोहरा कम रहा, जबकि ग्रामीण इलाकों में कई जगह हल्की धुंध दिखाई दी। रात के तापमान में एक दिन के भीतर 5.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री पर पहुंच गया। एक दिन में 5.4 डिग्री गिरा न्यूनतम तापमान कृषि अनुसंधान केंद्र, नगीना के आंकड़ों के मुताबिक, 15 नवंबर को जिले का न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 16 नवंबर को यह गिरकर 12.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इस दौरान अधिकतम तापमान भी 28.4 से घटकर 28.2 डिग्री सेल्सियस रह गया। यानी अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 5.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। बूंदाबांदी के बाद बढ़ी नमी, सोमवार को छाया घना कोहरा पिछले कई दिनों से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा था। आसमान में बादल छाए हुए थे। रविवार को जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे वातावरण में नमी बढ़ गई। इसके बाद सोमवार सुबह इस सीजन का अब तक का सबसे घना कोहरा छाया। दृश्यता कम होने से लोगों को परेशानी हुई। सुबह करीब साढ़े आठ बजे धूप निकलने के बाद कोहरा धीरे-धीरे छंट गया। दिनभर धूप रही, लेकिन शाम और रात में ठंड बढ़ गई। सुबह की सैर पर निकलने वालों की संख्या घटी मंगलवार सुबह शहर में सोमवार के मुकाबले कोहरा कम रहा। हालांकि, ग्रामीण इलाकों में कई जगह हल्की धुंध छाई रही। ठंड बढ़ने के साथ लोग गर्म कपड़े पहनने लगे हैं। सुबह टहलने जाने वाले लोगों की संख्या भी कम दिखाई दी। आगे और बढ़ सकती है ठंड मौसम के अनुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में बारिश की संभावना कम है। हालांकि, कोहरा और घना हो सकता है। इसके साथ ही ठंड बढ़ने के आसार हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)