बिल्डर पर हैंडओवर रोकने का आरोप:ग्रेनो वेस्ट में दो साल से एओए को कॉमन एरिया का मेंटेनेंस नहीं सौंपा
ग्रेटर नोएडा के टेकजोन-4 स्थित हवेलिया वैलोनिया पार्क सोसाइटी के निवासियों ने बिल्डर पर करीब दो साल से अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) को सोसाइटी का हैंडओवर नहीं देने का आरोप लगाया है। इस मुद्दे पर सोमवार को सोसाइटी के गेट पर हंगामा हुआ। निवासियों और बिल्डर की मेंटेनेंस टीम के बीच तीखी नोकझोंक हुई। निवासियों का आरोप है कि बिल्डर ने बाउंसर बुलाए, जिन्होंने उनके साथ धक्का-मुक्की की और गालियां दीं। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बिल्डर हवेलिया बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड को पत्र जारी कर कॉमन एरिया के मेंटेनेंस का हैंडओवर एओए को देने के निर्देश दिए हैं। 23 अक्टूबर 2026 के पत्र के मुताबिक, सोसाइटी में एओए का गठन हो चुका है। पत्र में बताया गया है कि एओए के चुनाव 21 सितंबर 2026 को हुए थे। कुल 10 सदस्यों ने नामांकन दाखिल किया था और एसोसिएशन की कार्यकारिणी बनाई गई। सोसाइटी की नियमावली के मुताबिक, एओए में अधिकतम 10 सदस्य हो सकते हैं। इस बारे में डिप्टी रजिस्ट्रार, फर्म्स, सोसाइटीज एवं चिट्स, गाजियाबाद को भी सूचना दी गई थी। प्राधिकरण ने बिल्डर को एक महीने के भीतर कॉमन एरिया के मेंटेनेंस का हैंडओवर एओए को सौंपने का निर्देश दिया है। साथ ही, मेंटेनेंस का काम संभाल रही वैलेंसिया फैसिलिटी सर्विसेज एलएलपी का हैंडओवर भी सुनिश्चित करने को कहा है। निवासी जल्द हैंडओवर की मांग कर रहे हैं। बिसरख कोतवाली प्रभारी रंजीत सिंह ने कहा कि एओए ने बिल्डर को लेकर सोसाइटी के गेट पर हंगामा किया था। पुलिस के पहुंचने के बाद सोसाइटी और बिल्डर को समाधान के लिए दो दिन का समय दिया गया है। उन्होंने कहा कि दो दिन के भीतर बिल्डर एओए को हैंडओवर सौंप देगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)