देश में चौथा सबसे प्रदूषित शहर बना मेरठ:360 AQI के साथ चली जहरीली हवा, पूरा दिन स्मॉग से नहीं मिली राहत
मेरठ मे रविवार सुबह की शुरूआत शहर के जहरीले स्मॉग की मोटी चादर में लिपटे होने से हुई। बीते दिन भी स्थिति ऐसी ही बनी रही। सुबह से ही आसमान में धुंध और प्रदूषण की घनी परत छाई रही। हालात ऐसे रहे कि दिनभर सूरज के दर्शन तक नहीं हुए। हवा में घुले प्रदूषक कणों के कारण लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर भी धुंध के चलते वाहन चालकों को सावधानी से सफर करना पड़ा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को मेरठ का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 360 दर्ज किया गया। देश के 289 शहरों के आंकड़ों में मेरठ चौथे स्थान पर सबसे प्रदूषित शहर रहा। शहर में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। सबसे खराब स्थिति गंगानगर क्षेत्र की रही, जहां एक्यूआई 406 दर्ज किया गया। यह बेहद खराब से भी आगे बढ़कर गंभीर श्रेणी में पहुंच गया। शहर के अन्य इलाकों में भी हवा की गुणवत्ता खराब रही। पल्लवपुरम में एक्यूआई 374, सेक्टर-4सी शताब्दीनगर में 362, तेजगढ़ी चौराहे पर 336, बेगमपुल पर 335 और जयभीम नगर में 333 दर्ज किया गया। दिल्ली रोड पर 325 और एमआईटी कॉलेज क्षेत्र में 318 एक्यूआई रहा। हापुड़ चौराहे पर 317 और कैंट चौराहे पर 280 दर्ज किया गया। देश के अन्य शहरों में भी प्रदूषण का स्तर ऊंचा रहा। बहादुरगढ़ का एक्यूआई 375 दर्ज किया गया। दिल्ली में 368 और फतेहाबाद में 361 एक्यूआई रहा। गाजियाबाद का एक्यूआई 330 दर्ज किया गया। वहीं, आसपास के जिलों में शामली का एक्यूआई 293 और बागपत का 248 रहा। मौसम की बात करें तो मेरठ का अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह और शाम के समय स्मॉग की परत ज्यादा घनी रही। प्रदूषण और धुंध के कारण लोगों को दिनभर साफ हवा का इंतजार रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)