महोबा में व्यक्ति के क्रेडिट-कार्ड से उड़ाया 1.35 लाख रुपए:ठगी के सदमे में गई जान; बेटे की तहरीर पर केस दर्ज
महोबा में साइबर ठगी का एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने बुजुर्ग के क्रेडिट कार्ड से 1 लाख 35 हजार रुपए निकाल लिए। बेटे का आरोप है कि ठगी की इस घटना से पिता गहरे सदमे में आ गए थे। मानसिक आघात के चलते 24 अक्टूबर को उनका निधन हो गया। अब करीब एक महीने बाद पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्रेडिट कार्ड से निकाल लिए 1.35 लाख रुपए मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के डाक बंगला मैदान के पीछे स्थित गांधी नगर का है। यहां रहने वाले स्वर्गीय सुरेंद्र बहादुर के आईसीआईसीआई बैंक क्रेडिट कार्ड से 17 अक्टूबर को साइबर ठगों ने 1 लाख 35 हजार रुपए की ठगी कर ली थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल के टोल फ्री नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत का एक्नॉलेजमेंट नंबर 33110260291818 है। इसके अलावा बैंक के कस्टमर केयर पर भी शिकायत की गई थी। ठगी के सदमे में पिता की हुई मौत मृतक के बेटे संगम बाजपेई के मुताबिक, क्रेडिट कार्ड से रकम निकलने की घटना के बाद उनके पिता गहरे सदमे में आ गए थे। इस घटना ने उन्हें मानसिक रूप से काफी आहत किया। इसके बाद 24 अक्टूबर को उनकी मौत हो गई। पिता की मौत के बाद बेटे ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर साइबर ठगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। दो धाराओं में मुकदमा दर्ज, जांच शुरू मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अब अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शहर कोतवाली प्रभारी बीरेंद्र प्रताप सिंह ने रविवार सुबह करीब 8 बजे बताया कि भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस क्रेडिट कार्ड से हुई ठगी के मामले की जांच कर रही है। ठगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)