बीते चुनाव के विवाद तय करेंगे पोलिंग बूथ की संवेदनशीलता:डीएम बोले सभी विधानसभा क्षेत्रों में होगा भौतिक निरीक्षण

Nov 16, 2026 - 18:19
0
बीते चुनाव के विवाद तय करेंगे पोलिंग बूथ की संवेदनशीलता:डीएम बोले सभी विधानसभा क्षेत्रों में होगा भौतिक निरीक्षण
आगामी विधानसभा चुनाव में संवेदनशील बूथों की पहचान अब पिछले चुनावों के अपराधों, विवादों और तनावपूर्ण घटनाओं के आधार पर की जाएगी। लोकसभा, विधानसभा, पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों के दौरान जहां निर्वाचन संबंधी अपराध हुए, पुनर्मतदान की नौबत आई या जातीय-सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बनी, ऐसे मतदान केंद्रों को चिह्नित किया जाएगा। इसके लिए जनपद के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों के 3736 बूथों का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। डीएम व जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने सोमवार को प्रशिक्षण कार्यशाला में ये निर्देश दिए। निर्वाचन की तैयारियों के लिए जनपद में 50 जोनल और 332 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इन्हें पुलिस अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से अपने क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का निरीक्षण करना होगा। थानों के रिकॉर्ड से जुटाएंगे अपराध और विवादों का ब्योरा संवेदनशीलता के आकलन के लिए पिछले चुनावों में दर्ज निर्वाचन संबंधी अपराधों, विवादों, पुनर्मतदान और जातीय-सांप्रदायिक तनाव की घटनाओं का रिकॉर्ड खंगाला जाएगा। संबंधित थानों और पुलिस चौकियों के अभिलेखों से तथ्य जुटाए जाएंगे। इसके अलावा उड़नदस्ता और स्थैतिक निगरानी दलों की ओर से पकड़ी गई नकदी, अवैध शराब और संदिग्ध सामग्री की जब्ती का विवरण भी निर्धारित प्रारूप में दर्ज किया जाएगा। गंभीर अपराधों और ऐसी घटनाओं को भी सूचीबद्ध किया जाएगा, जिनका क्षेत्र की संवेदनशीलता पर असर पड़ा हो। कमियां दूर होने के बाद दोबारा होगा सत्यापन संवेदनशीलता के आकलन के साथ ही सभी 3736 बूथों पर पेयजल, बिजली, शौचालय और अन्य जरूरी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता भी जांची जाएगी। निरीक्षण में मिलने वाली कमियों को स्पष्ट रूप से दर्ज कर संबंधित विभागों से दूर कराया जाएगा। इसके बाद उन्हीं टीमों से दोबारा भौतिक सत्यापन कराया जाएगा और व्यवस्थाएं दुरुस्त होने का प्रमाण पत्र लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन तैयारियों के लिए अभी पर्याप्त समय है। इसलिए कमियों को अगले एक से डेढ़ महीने में दूर कराने की कार्रवाई की जाए। कार्यशाला में एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉ. विवेक चतुर्वेदी, डिप्टी कलेक्टर राधेश्याम शर्मा, डिप्टी कलेक्टर शिखा शुक्ला और सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User