बलिया में 25 हजार का इनामी पकड़ा गया:हत्या के प्रयास के मामले में फरार था, पांच मुकदमे दर्ज

Nov 02, 2026 - 08:42
0
बलिया में 25 हजार का इनामी पकड़ा गया:हत्या के प्रयास के मामले में फरार था, पांच मुकदमे दर्ज
बलिया की दुबहड़ थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी पंकज सिंह को रविवार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उन्हें जनेश्वर मिश्र सेतु के ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे अंडरपास से पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, पंकज सिंह शिवपुर दियर नई बस्ती ब्यासी, थाना दुबहड़, जिला बलिया के रहने वाले हैं। उनके पिता का नाम स्वर्गीय देवेंद्र सिंह है। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई के बाद उन्हें अदालत भेज दिया। पुलिस के अनुसार, शिवपुर दियर नई बस्ती के आशुतोष प्रताप सिंह ने दुबहड़ थाने में शिकायत दी थी। उनका आरोप था कि पंकज ने बेटी की सगाई के लिए उनसे एक सप्ताह के लिए तीन लाख रुपये उधार लिए थे। पंकज ने सरकारी काम का भुगतान मिलने पर रकम लौटाने की बात कही थी। करीब एक महीने बाद आशुतोष ने रुपये मांगे, तो पंकज टालमटोल करने लगे। आरोप है कि 10 अक्टूबर 2026 की शाम करीब सात बजे फोन पर बातचीत के दौरान पंकज ने आशुतोष को रात आठ बजे अपने घर बुलाया और रुपये लौटाने की बात कही। आशुतोष रात करीब 8:15 बजे वहां पहुंचे। पंकज अपने दो साथियों के साथ कोठरी में शराब पी रहे थे। आशुतोष को देखते ही तीनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। शिकायत के मुताबिक, विरोध करने पर आरोपियों ने आशुतोष पर चाकू से हमला किया। भागते समय उनकी गर्दन के पिछले हिस्से में चाकू लगा। इसके बाद आरोपियों ने शराब की बोतल से उनके सिर पर वार किया। पड़ोसियों ने गंभीर रूप से घायल आशुतोष को कार से जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें वाराणसी के ट्रामा सेंटर भेज दिया। इस मामले में दुबहड़ थाने में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक, रविवार को उपनिरीक्षक राजकुमार, उपनिरीक्षक राजबहादुर सिंह और पुलिस टीम आरोपी की तलाश में निकली थी। मुखबिर से सूचना मिलने पर टीम ने पंकज सिंह को अंडरपास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि पंकज के खिलाफ दुबहड़ थाने में चार और जीआरपी थाने में एक मुकदमा दर्ज है। उनके खिलाफ कुल पांच मुकदमे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User