बलरामपुर में 1805 बूथों पर मतदाता पंजीकरण अभियान:डीएम ने तुलसीपुर के 11 बूथों का निरीक्षण किया, कहा- युवाओं-महिलाओं पर फोकस करें

Oct 24, 2026 - 16:31
0
बलरामपुर में 1805 बूथों पर मतदाता पंजीकरण अभियान:डीएम ने तुलसीपुर के 11 बूथों का निरीक्षण किया, कहा- युवाओं-महिलाओं पर फोकस करें
बलरामपुर-लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को बलरामपुर जिले के सभी 1805 मतदान बूथों पर विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया गया। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चले अभियान में पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं और महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष जोर दिया गया। बूथों पर मौजूद बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने पात्र नागरिकों से फॉर्म-6 भरवाए और पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी। अभियान की जमीनी हकीकत परखने के लिए डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने विधानसभा क्षेत्र 291-तुलसीपुर के विभिन्न मतदान बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ से आवेदन भरवाने की प्रगति जानी और निर्देश दिया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहने पाए। डीएम ने सबसे पहले कम्पोजिट विद्यालय कन्या महराजगंज तराई में बूथ संख्या 268 से 273 तक कुल छह बूथों का निरीक्षण किया। इसके बाद कम्पोजिट विद्यालय कौवापुर में बूथ संख्या 276 से 280 तक पांच बूथों का जायजा लिया।इस दौरान उन्होंने बीएलओ से फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के पंजीकरण की स्थिति की जानकारी ली और पात्र आवेदकों की पहचान कर उनके आवेदन भरवाने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि विशेष अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक समावेशी बनाना है।इसके लिए 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे युवाओं,पहली बार मतदाता बनने वाले छात्र-छात्राओं और महिलाओं को प्राथमिकता के आधार पर जागरूक किया जाए।बीएलओ पात्र नागरिकों को आवेदन प्रक्रिया समझाएं और फॉर्म भरने में आवश्यक सहयोग दें,ताकि कोई भी योग्य मतदाता सूची से बाहर न रह जाए। डीएम डॉ.विपिन कुमार जैन ने जिले के नागरिकों से अपील की कि जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है,वे अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर फॉर्म-6 के जरिए पंजीकरण के लिए आवेदन करें।उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में भागीदारी के लिए मतदाता सूची में नाम दर्ज होना जरूरी है।सभी संबंधित अधिकारियों और बीएलओ को अभियान के दौरान प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User