दिवाली से पहले नए भवन में शिफ्ट होगा RTO ऑफिस:बरेली में 35 किमी की दौड़ खत्म होगी, पहले तीन जगह जाना पड़ता था
बरेली में वाहन मालिकों को जल्द ही RTO से जुड़े कामों के लिए अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सालों के इंतजार के बाद परिवहन विभाग का कार्यालय नकटिया के किराए के भवन से परसाखेड़ा की नई बिल्डिंग में शिफ्ट होने जा रहा है। दिवाली से पहले शिफ्टिंग की तैयारी है। नई बिल्डिंग में RC, परमिट और ड्राइविंग लाइसेंस समेत परिवहन विभाग से जुड़े काम एक ही परिसर में होंगे। फिलहाल RTO से जुड़े अलग-अलग कामों के लिए लोगों को तीन जगह जाना पड़ता है। RC और परमिट के लिए नकटिया, ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़े कामों के लिए विकास भवन और परमानेंट DL के लिए परसाखेड़ा जाना होता है। इससे लोगों को करीब 35 से 36 किलोमीटर तक की दौड़ लगानी पड़ती है। नई बिल्डिंग शुरू होने से यह परेशानी दूर होने की उम्मीद है। 16.72 करोड़ रुपये में बनी नई बिल्डिंग परसाखेड़ा में करीब 16.72 करोड़ रुपये की लागत से नई बिल्डिंग तैयार की गई है। इसका निर्माण पिछले तीन साल से चल रहा था, जो अब पूरा हो चुका है। बिजली, वन और फायर विभाग समेत संबंधित विभागों से NOC भी मिल गई है। फिलहाल फर्नीचर लगाने का काम अंतिम चरण में है। एक ही परिसर में बैठेंगे सभी अधिकारी नई बिल्डिंग में डिप्टी ट्रांसपोर्ट कमिश्नर, RTO प्रशासन, RTO प्रवर्तन और ARTO समेत सभी अधिकारी बैठेंगे। इससे वाहन मालिकों को अलग-अलग कार्यालयों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और परिवहन से जुड़े काम एक ही परिसर में हो सकेंगे। इस महीने निरीक्षण के बाद बिल्डिंग परिवहन विभाग को सौंप दी जाएगी। इसके बाद कार्यालय शिफ्ट करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)