प्रोफेसर प्रतिमा चैतन्य इविवि महिला अध्यन केंद्र की निदेशक बनी:नोटिफिकेशन जारी, 40 से ज्यादा सम्मेलनों में शोध-पत्र प्रस्तुत कर चुकीं
प्रोफेसर प्रतिमा चैतन्य को इलाहाबाद विश्वविद्यालय के महिला अध्ययन केंद्र (Centre for Women's Studies) का निदेशक नियुक्त कर दिया गया। कुलसचिव इलाहाबाद विश्वविद्यालय की ओर से इसका नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया। प्रोफेसर प्रतिमा चैतन्य एक प्रतिष्ठित शिक्षाविद्, लेखिका, कवयित्री एवं रंगमंच की अभिरुचि रखने वाली महिला हैं। वर्तमान में वह इलाहाबाद विश्वविद्यालय के अंग्रेज़ी एवं आधुनिक यूरोपीय भाषा विभाग में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं।
विश्वविद्यालय की पूर्व छात्रा प्रोफेसर चैतन्य ने वर्ष 2010 में डी.फिल. की उपाधि प्राप्त की। उनका शोध गिरीश कर्नाड के नाटकों में परंपरा और समकालीनता विषय पर केंद्रित था। जानिये प्रोफेसर प्रतिमा चैतन्य के बारे में प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में लगभग दो दशकों के शिक्षण अनुभव के साथ, प्रो. चैतन्य ने साहित्यिक शोध एवं आलोचना के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके प्रमुख अकादमिक अभिरुचि के क्षेत्र भारतीय अंग्रेज़ी नाटक, जेंडर अध्ययन, नारीवाद, सांस्कृतिक आलोचना तथा समकालीन साहित्य हैं। कविता और रंगमंच के प्रति उनकी रुचि केवल अकादमिक अध्ययन तक सीमित नहीं, बल्कि साहित्यिक एवं कलात्मक अभिव्यक्ति के प्रति उनकी गहरी संवेदनशीलता को भी प्रतिबिंबित करती है। एक सक्रिय लेखिका एवं शोधकर्ता के रूप में उन्होंने अनेक शोध-पत्र, पुस्तक-अध्याय तथा चार पुस्तकें प्रकाशित की हैं।
40 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध-पत्र प्रस्तुत वह चालीस से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध-पत्र प्रस्तुत कर चुकी हैं तथा विभिन्न साहित्यिक एवं अंतर्विषयी विषयों पर आमंत्रित व्याख्यान भी देती रही हैं। उनके अकादमिक योगदान में शोध निर्देशन, स्नातकोत्तर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन, पाठ्यक्रम निर्माण तथा संस्थागत प्रशासन जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ भी शामिल हैं। उन्हें अकादमिक क्षेत्र में महिलाओं के नेतृत्व एवं सशक्तिकरण से संबंधित एक राष्ट्रीय नेतृत्व कार्यक्रम के लिए भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM), बोधगया में नामांकित किया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)