बंदरों के आतंक से मिलेगी निजात:हाथरस में बनेगा रेस्क्यू सेंटर और 'कपि वन', डीएम ने दिए निर्देश
हाथरस में बंदरों की बढ़ती संख्या और आमजन को हो रही समस्याओं से निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में मानव-बंदर संघर्ष को रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने पर मंथन किया गया। इलाकेवार होगी बंदरों की गिनती, बनेगा रेस्क्यू सेंटर जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में बंदरों की अनुमानित संख्या का आकलन कराएं। इसके साथ ही बंदरों की आबादी बढ़ने और लोगों से उनके संघर्ष के पीछे के मूल कारणों का गहन अध्ययन किया जाए। अभियान के दौरान पकड़े जाने वाले बंदरों को सुरक्षित रखने के लिए जिले में एक रेस्क्यू सेंटर बनाने की योजना तैयार करने और उन्हें निर्धारित स्थान पर सुरक्षित छोड़ने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। जंगलों में लगेंगे फलदार पेड़, विकसित होंगे ‘कपि वन’ बंदरों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखने के लिए उनके प्राकृतिक आवास को समृद्ध करने पर जोर दिया गया। डीएम ने चिन्हित वन क्षेत्रों को और अधिक घना करने तथा वहां बड़े पैमाने पर फलदार वृक्ष लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने 'कपि वन' बनाने को बढ़ावा देने की बात कही, ताकि बंदरों को जंगल में ही प्राकृतिक आवास और पर्याप्त भोजन मिल सके। जनसहयोग से निकलेगा स्थायी समाधान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मानव-बंदर संघर्ष का स्थायी समाधान केवल प्रशासनिक प्रयासों से नहीं, बल्कि आम जनता की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। इसके लिए जन जागरूकता और जन सहयोग संवाद कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला विकास अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, उप निदेशक कृषि, जिला उद्यान अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)