बरेली जिला अस्पताल में उमड़ी मरीजों की भारी भीड़:व्यवस्थाएं चरमराईं, ओपीडी में चार हजार पहुंचे मरीज, 2 डॉक्टरों के भरोसे हो रहा इलाज

Nov 13, 2026 - 15:36
0
बरेली जिला अस्पताल में उमड़ी मरीजों की भारी भीड़:व्यवस्थाएं चरमराईं, ओपीडी में चार हजार पहुंचे मरीज, 2 डॉक्टरों के भरोसे हो रहा इलाज
दिवाली की छुट्टियों के बाद बरेली के जिला अस्पताल खुलते ही मरीजों का भारी सैलाब उमड़ पड़ा है। गुरुवार को जहां करीब 3600 मरीज ओपीडी में पहुंचे थे, वहीं शुक्रवार को यह आंकड़ा बढ़कर लगभग 4000 के पार पहुंच गया। त्योहारों के बैकलॉग और मौसम में आए अचानक बदलाव के कारण मरीजों की संख्या में दोगुना इजाफा हुआ है, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों की भारी कमी के चलते स्वास्थ्य व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं। पर्चे से लेकर दवा तक लंबी कतारें, 5 से 6 घंटे हो रहे बर्बाद अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को कदम-कदम पर भारी फजीहत झेलनी पड़ रही है। रजिस्ट्रेशन काउंटर पर पर्चा बनवाने के लिए ही लोगों को डेढ़ से दो घंटे तक लंबी लाइनों में खड़ा रहना पड़ रहा है। इसके बाद डॉक्टर को दिखाने, जांच कराने और फिर दवा लेने के लिए भी घंटों कतार में लगना पड़ रहा है। बिथरी चैनपुर, भुता और आंवला जैसे दूर-दराज के इलाकों से आए मरीजों का कहना है कि एक बार दिखाने और दवा लेने में करीब 5 से 6 घंटे का समय लग रहा है, जिससे बुजुर्ग और बीमार लोगों के हाथ-पांव दर्द करने लगे हैं। मरीजों का कहना है कि यह मंडल स्तर का बड़ा अस्पताल है, इसलिए यहां डॉक्टरों और सुविधाओं में तत्काल बढ़ोतरी होनी चाहिए। एक फिजिशियन और एक बच्चों के डॉक्टर के भरोसे ओपीडी जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. संदीप गुप्ता ने बताया कि दिवाली की छुट्टियों के कारण जो लोग इलाज के लिए नहीं आ पाए थे, उनकी भीड़ एक साथ बढ़ गई है। इसके अलावा बदलते मौसम, ठंड और बढ़ते प्रदूषण की वजह से सर्दी, जुकाम, खांसी और बुखार के मरीज तेजी से बढ़े हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि अस्पताल में स्टाफ की भारी कमी है। वर्तमान में ओपीडी में केवल एक फिजिशियन और एक बच्चों के डॉक्टर (पीडियाट्रिशियन) ही तैनात हैं। सीएमएस के मुताबिक, मरीजों को बेहतर और त्वरित इलाज देने के लिए कम से कम 7 से 8 और डॉक्टरों, खासकर फिजिशियन और चेस्ट फिजिशियन की जरूरत है। इसके लिए शासन को पत्र लिखकर डिमांड भेजी गई है, हालांकि अस्पताल में दवाइयों की उपलब्धता पूरी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User