बुजुर्ग दंपती से मारपीट, रास्ता खोदने का आरोप:बाराबंकी में कलेक्ट्रेट पहुंचा पीड़ित बुजुर्ग, FIR के बाद नहीं हुई कार्रवाई

Nov 13, 2026 - 15:36
0
बुजुर्ग दंपती से मारपीट, रास्ता खोदने का आरोप:बाराबंकी में कलेक्ट्रेट पहुंचा पीड़ित बुजुर्ग, FIR के बाद नहीं हुई कार्रवाई
बाराबंकी के असंद्रा कोतवाली क्षेत्र में सरकारी खड़ंजा खोदकर रास्ता बंद करने और विरोध पर बुजुर्ग दंपती से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। शुक्रवार को 75 वर्षीय हरदेव प्रसाद पांडेय न्याय की गुहार लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। इसके बाद उन्होंने पुलिस कार्यालय में सीओ से मुलाकात कर अपनी शिकायत बताई। पूरे बढ़ई मजरे बबुरिहा निवासी हरदेव प्रसाद के मुताबिक, 5 नवंबर को सुबह करीब 8:30 बजे उनके घर के सामने सरकारी खड़ंजा खोदा जा रहा था। विरोध करने पर आरोपियों ने उनसे मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी पत्नी को भी पीटा गया। हरदेव प्रसाद का आरोप है कि दोनों को जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित की शिकायत पर असंद्रा पुलिस ने 5 नवंबर को तीन आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 333, 352 और 351(3) के तहत एफआईआर दर्ज की थी। मामले की जांच उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार शुक्ला कर रहे हैं। हरदेव प्रसाद का आरोप है कि ग्राम प्रधान आरोपियों को शह दे रहे हैं। उनका कहना है कि एफआईआर के बाद भी रास्ता खुलवाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्हें आशंका है कि आरोपी दोबारा निर्माण कर रास्ता पूरी तरह बंद कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि परिवार को लगातार धमकियां मिल रही हैं और वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। हरदेव प्रसाद ने कहा कि उनके परिवार के साथ कोई हिंसक घटना होती है या नुकसान पहुंचता है, तो इसकी जिम्मेदारी ग्राम प्रधान की भी होगी। सीओ रामसनेहीघाट सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज है और पुलिस कार्रवाई कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User